इंदौर। शादी के सिर्फ 24 दिन बाद कैफे संचालक ने चाकू से गला काटकर की आत्महात्या, मौत से पहले पत्नी के लिए छोड़ा नोट

सपना-संगीता इलाके में एक हाई प्रोफाइल सुसाइड का मामला सामने आया है। नौलखा पर जेल कैफे चलाने वाले संचालक ने खुद के गले में चाकू घोंपकर पेंटहाउस में आत्महत्या कर ली। चाकू उसके हाथ में ही रह गया। उसकी पिछले महीने शादी हुई थी। घटना वाली रात पत्नी मायके गई थी। पता चला है कि उनका फोन पर कुछ विवाद हुआ था। उसने पत्नी के लिए एक नोट भी लिखा है कि मुझसे गलती हो गई, आगे से ऐसा नहीं करूंगा। पत्नी के लौटने पर सुसाइड का कारण पता चलेगा।

सब इंस्पेक्टर नीलमणि ठाकुर के अनुसार मृतक का नाम संदीप पिता संतकुमार चौकसे (34) निवासी अनुराग अपार्टमेंट भगवानदीन नगर है। बुधवार दोपहर पुलिस अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर स्थित पेंटहाउस में पहुंची। वहां सोफे के पास उसका शव खून से लथपथ पड़ा मिला। उसके हाथ में चाकू था। पास में शराब की बोतल और अंग्रेजी में लिखा एक पत्र था। घटना सोमवार रात की मानी जा रही है। पता चला है उसी दिन पत्नी नेपानगर निकल गई थी।

16 दिसंबर को हुई थी शादी, नेपानगर के सरकारी स्कूल में शिक्षिका है पत्नी

चचेरे भाई अंकित ने बताया कि संदीप मंडला के परड़िया गांव से इंदौर में इंजीनियरिंग करने आया था फिर यहीं कैफे खोल लिया। कैफे चलने लगा तो उसने भाइयों को भी यहीं बुला लिया था। संदीप की नेपानगर के सरकारी स्कूल की शिक्षिका कामिनी राय से 16 दिसंबर गांव में ही शादी हुई थी। सोमवार को ही दंपती इंदौर आए थे। परिचित के यहां भोजन करके पेंटहाउस आ गए थे।

मैंने सोचा भैया को डिस्टर्ब न हो, इसलिए होटल में सो गया। मंगलवार को संदीप कैफे नहीं आया तो अंकित ने उसे और भाभी कामिनी को फोन लगाया, लेकिन फोन नहीं लगा। सोचा कहीं घूमने गए होंगे। बुधवार को भी जब संदीप का फोन नहीं लगा तो अंकित भाइयों को लेकर पेंटहाउस पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद था, उसे तोड़ा तो अंदर वह खून से लथपथ मिला। भाभी वहां नहीं मिली। बुधवार को पुलिस ने कामिनी से बात की तो उसने कहा फोन पर जरूर थोड़ी नोक-झोंक हुई थी, लेकिन इतनी भी नहीं कि वह आत्महत्या कर ले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *