इंदौर के महिला थाने में डिजिटल मार्केटिंग से जुड़ी एक युवती की शिकायत पर फरहान पिता शफुद्दीन शेख, निवासी बुढानिया के खिलाफ दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। फरहान के पिता हातोद क्षेत्र के बुढानिया में भाजपा से सरपंच और अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी हैं, जबकि फरहान खुद एक कैफे संचालित करता है।
आरोपी फरहान शेख।
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी संतोष और सागर के साथ पीड़िता पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह से मिलीं और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पीड़िता ने कमिश्नर के सामने अपनी आपबीती बताई। इसके बाद उसे महिला थाने भेजा गया। अब मंगलवार को पीड़िता के न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई होगी।
कैफे की आड़ में युवतियों से बनाता था संपर्क
आरोप है कि फरहान कैफे की आड़ में युवतियों से संपर्क बनाकर उनका शोषण करता था। सूत्रों के मुताबिक आरोपी के मोबाइल फोन में कई युवतियों के साथ आपत्तिजनक वीडियो होने की बात सामने आई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
पहले भी हिंदूवादी संगठनों ने एक अन्य थाने में उसके मोबाइल का डाटा पुलिस को सौंपा था, लेकिन उस समय मामले में गंभीर कार्रवाई नहीं हुई और आरोपी बच निकला।
पहले भी विवादों में आ चुका है आरोपी
जानकारी के मुताबिक फरहान का नाम पहले भी रीवा की एक युवती के साथ अश्लील हरकत और दुष्कर्म के आरोप में सामने आया था। उस समय हिंदूवादी संगठन गांधी नगर थाने पहुंचे थे, लेकिन बाद में युवती ने अपने बयान बदल दिए थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की थी। तब भी उसके मोबाइल की जांच को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठे थे।
जादू-टोने के भी लगे थे आरोप
फरहान पर जादू-टोने को लेकर भी आरोप लग चुके हैं। रीवा की युवती पर तांत्रिक क्रिया कराने के आरोप में उसके कुछ वीडियो वायरल हुए थे। मोबाइल से कुछ रिकॉर्डिंग भी सामने आई थीं। हालांकि बाद में युवती ने आरोप लगाने के बाद इंदौर छोड़ दिया और अपने माता-पिता के पास रीवा चली गई।