इंदौर। कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त बीजेपी नेता पर केस दर्ज़, संपत्ति विवाद में छोटे भाई की पत्नी के साथ की मारपीट और गाली-गलौज; सोशल मीडिया पर वायरल हुआ विडियो – देखें VIDEO

इंदौर में बीजेपी नेता और कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त केश शिल्पी आयोग के अध्यक्ष नंदकिशोर वर्मा पर उनकी ही बहू ने मारपीट का केस दर्ज कराया है।

बताया जा रहा है कि संपत्ति विवाद को लेकर नंदकिशोर वर्मा ने उनके छोटे भाई हरिनारायण वर्मा की पत्नी संगीता के साथ धक्का-मुक्की की। साथ ही अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया। इसका वीडियो भी सामने आया है।

मामला सोमवार सुबह करीब 11 बजे का है। महिला की शिकायत और वीडियो देखने के बाद राउ पुलिस ने नंदकिशोर वर्मा के खिलाफ सोमवार दोपहर में सामान्य मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया है।

बीजेपी नेता ने बहू को धक्का दिया, गालियां दी वीडियो में दिख रहा है कि केश शिल्पी आयोग के अध्यक्ष नंदकिशोर वर्मा अपनी बहू को धक्का दे रहे हैं। उसे वहां से जाने को कह रहे हैं। वे महिला से बहस करते नजर आ रहे हैं। साथ ही उसके साथ गाली-गलौज करते नजर आ रहे हैं।

महिला बोली- जेठ ने जान से मारने की धमकी दी राउ पुलिस के मुताबिक फरियादी संगीता ने बताया कि वह अपने भाई राजेश चौहान के साथ सोमवार को अपने होटल ‘यश ढाबा’ पर सफाई कराने पहुंची थी। वहां पर जेठ नंदकिशोर वर्मा पहले से बैठे थे। उन्होंने संगीता की तरफ देखकर कहा- यहां पर क्यों आई है।

आरोप है कि नंदकिशोर वर्मा ने महिला के चरित्र को लेकर भी अनर्गल बातें की। अश्लील भाषा का प्रयोग किया और धक्का-मुक्की कर मारपीट भी की। महिला ने आरोप लगाया कि उन्होंने धमकी दी कि यहां आई तो जान से खत्म कर देंगे।

इस मामले में सोशल मीडिया पर बदसलूकी करते हुए नंदकिशोर वर्मा का वीडियो वायरल हुआ है। राउ पुलिस इस केस में जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *