
प्रिय SENEE पार्टनर, मैं पंकज पाल हूं और इंदौर से हूं। मेरा नंबर 95847##### है। आपके समर्थन और सहयोग के लिए बहुत बहुत धन्यवाद। मुझे आपको यह बताते हुए दुख हो रहा है कि आपका पैसा मैंने ले लिया है और साफ कर दिया है।
3 दिन में मैं अपने परिवार के साथ ऑस्ट्रेलिया जाऊंगा। यहां कोई प्रत्यर्पण संधि नहीं है और ऑस्ट्रेलिया में मैं खुशहाल जिंदगी जीऊंगा। यदि तुम्हें विश्वास नहीं है तो तुम मुझे खोजने मेरे घर आ सकते हो। कृपया याद रखें, पैसा आसमान से नहीं गिरेगा।
यही शिक्षा भगवान आपको देते हैं। मैं आपसे झूठ नहीं बोलूंगा और भी लोग है जो आपसे झूठ बोलेंगे। जिंदगी ऐसी ही है। आप असफलता का अनुभव किए बिना कैसे आगे बढ़ सकते हैं। याद रखें पैसा बस एक गुजरने वाली चीज है…।
यही शिक्षा भगवान आपको देते हैं। मैं आपसे झूठ नहीं बोलूंगा और भी लोग है जो आपसे झूठ बोलेंगे। जिंदगी ऐसी ही है। आप असफलता का अनुभव किए बिना कैसे आगे बढ़ सकते हैं। याद रखें पैसा बस एक गुजरने वाली चीज है…।
ये मैसेज 14 जनवरी की रात 8 बजे SENEE TRADER नाम की कंपनी के अलग-अलग राज्यों में बने वॉट्सऐप ग्रुप में डाला गया। इसी के साथ ऐलान हो गया कि कंपनी लोगों के पैसे लेकर भाग गई है। मैसेज ने दो प्रकार के लोगों की जिंदगी पर असर डाला है।
एक वो जिन्होंने लालच में कंपनी में रुपए इन्वेस्ट किए थे और दूसरा व्यक्ति पंकज पाल जिसके नाम सारा ठीकरा फोड़ा गया। पंकज इंदौर का रहने वाला है। सोने-चांदी के जेवर बनाने का काम करता है। मैसेज के बाद देशभर के लोग उसे फोन कर अपने रुपए मांग रहे हैं।
जबकि पंकज ने खुद कंपनी में पैसा निवेश किया था। अब सवाल उठता है कि फिर उसका नाम कंपनी के कर्ताधर्ताओं ने क्यों लिखा और ठगोरा घोषित कर दिया। दरअसल, पंकज ने को जब पता चला कि कंपनी रुपए डबल करने के नाम पर लोगों से फ्रॉड कर रही है, तो उसने ये बात ग्रुप में जुड़े सभी लोगों को बताना शुरू कर दी।

कंपनी की तरफ से उसके सभी वॉट्सऐप ग्रुप पर यह मैसेज डाला गया।
फिलहाल पंकज को देशभर से लोग अपने रुपए के लिए फोन कर रहे हैं और वो जवाब दे देकर थक गया है कि उसने कुछ नहीं किया है। कुछ ने तो जान से मारने की धमकी तक दी है। पंकज ने पुलिस को शिकायत की है और मदद मांगी है।
जानिए देशभर में हुए करोड़ों के इस स्कैम की कहानी 12वीं पास पीड़ित पंकज पाल की जुबानी। कैसे 35 लड़कियां युवकों और 50 प्लस के अधेड़ पुरुषों को अपने जाल में फंसाती है और उनके साथ ठगी करती है। लड़कियों का नाम, पता, फोटो सब कुछ फर्जी होता है। यही वजह है कि ठगी के बाद भी न तो लड़कियां पकड़ में आती हैं और न ही उनके बारे में कुछ पता चलता है।
पहले जानिए पंकज कैसे जाल में फंसा : हम दोनों में होने लगी थी लव चैट
कहानी पिछले साल अप्रैल 2023 में शुरू हुई थी।एक दिन फेसबुक पर एक लड़की की फ्रैंड रिक्वेस्ट आई। जिसका फेसबुक आईडी पर नाम आलिया शर्मा था। हम दोनों में दोस्ती हो गई। आलिया ने बताया कि वो सिकुया कैपिटल में एचआर है। उसने अपना वॉट्सऐप नंबर दिया।
मैं तब जिम में वर्क आउट करता था। आलिया को मैंने अपना वर्क आउट करते हुए वीडियो भेजा था। उसने भी मुझे उसका वर्क आउट वाला वीडियो भेजा। हम दोनों की दोस्ती बढ़ी और लव चैट होने लगी। एक महीने तक ऐसे ही सब कुछ चलता रहा। फिर एक दिन आलिया ने कहा कि तुम खूब पैसा कमाओ। साथ ही एक स्कीम में 1 हजार रुपए इन्वेस्ट करने के लिए कहा।

पंकज पाल को आलिया शर्मा ने खुद की ये वाली फोटो भेजी थी।
बाद में जून में उसने वॉट्सऐप पर लिंक भेजी जो SENEE ट्रेडर्स की थी। जिसमें 1 हजार निवेश करने पर एक महीने बाद 1165 रुपए मिलने की बात कही। साथ ही वॉट्सऐप पर रोजाना रिवॉर्ड के तौर पर अलग से रुपए मिलने की जानकारी दी।
आलिया ने कहा कि 3 लोगों को जोड़ने पर 300 रुपए मिलेंगे और लोगों से इन्वेस्ट कराने पर 8 पसेंट कमीशन मिलेगा। उसके कहने पर मैंने मोबाइल नंबर से पहले अपना अकाउंट खोला फिर माता-पिता, पत्नी और दोस्त सहित 7 अकाउंट भी खोल दिए।
मोबाइल नंबर से ही अकाउंट खुल जाता था और यूपीआई से पेमेंट होता था। आलिया से बातचीत होती रही। वो अलग-अलग लोकेशन के वीडियो भेजती थी। मुंबई आने के लिए भी कहती। मैंने उसे इंदौर बुलाया था, तब उसने सितंबर-अक्टूबर 2023 में आने की बात कही थी लेकिन वो नहीं आई।

लोगों को फंसाने और इन्वेस्ट कराने के लिए कंपनी इस तरह के फोटो ग्रुप्स में पोस्ट करती थी।
पता चला कि कंपनी फ्रॉड कर रही है तो पंकज-आलिया में झगड़े होने लगे
जुलाई 2023 के आखिर में पंकज सीए के पास इनकम टैक्स रिटर्न फाईल करने गया था। उसके पास SENEE ट्रेडर्स कंपनी के भी कुछ डॉक्यूमेंट थे। उसने सीए को दिखाए और कंपनी के बारे में जांच करने के लिए कहा।
डॉक्यूमेंट चेक करने और ऑनलाइन डिटेल निकालने पर पता चला कि कंपनी फर्जी है। सीए के बताने पर पंकज ने आलिया को ये बात बताई तो आलिया उसे गुमराह करने लगी। उसने कहा कि विदेशी कंपनी है। साथ ही आलिया ने पंकज सहित उसके माता-पिता, पत्नी, दोस्त सभी के सातों अकाउंट ब्लॉक कर दिए।
पंकज को कंपनी के वॉट्सऐप ग्रुप से भी रिमूव कर दिया, जिसमें सभी निवेशकों को जोड़ा गया था। इस पर पंकज ने ग्रुप में से अन्य लोगों के कॉन्टैक्ट नंबर निकाल उन्हें पर्सनल मैसेज भेज कंपनी के फ्रॉड होने की जानकारी दी।
पंकज ने सभी लोगों को मैसेज भेज कंपनी की पोल खोलना शुरू कर दी। इस पर कंपनी के अधिकारी और आलिया ने पंकज से कॉन्टैक्ट किया। उसके जो अकाउंट ब्लॉक किए थे, उन्हें अन-ब्लॉक कर दिया। रुपए वापस करने का आश्वासन दिया। कंपनी की छवि खराब करने पर केस करने की धमकी तक दी। लेकिन पंकज ने कंपनी के खिलाफ मुहिम बंद नहीं की।

लोगों को बताया जाता था कि कंपनी के ऑफिस दुनिया भर में हैं। इसकी बाकायदा लिस्ट भी डाली जाती थी। इसमें दिए गए सभी पते फर्जी हैं।
लोगों को ठगने के लिए कंपनी ने प्लान बदला, पहले 20 और फिर 12 दिन में रुपए डबल करने का वादा
लोगों को कन्विंस करने के लिए कंपनी ने अगस्त 2023 में प्लान बदला। अब 20 दिन में कंपनी लोगों को रुपए डबल करने का लालच देने लगी। 1 व्यक्ति को जोड़ने पर 300 रुपए और कमीशन भी 13 पर्सेट तक देने का ऑफर किया। अलग-अलग राज्यों के ग्रुप बनाए गए, जिसमें निवेश करने वाले लोगों को जोड़ा गया। इसमें लीडर रहते और उनके नीचे उनकी डाउन लाइन को एड किया जाता।
कंपनी की पोल खोलने के कारण कुछ लोग पंकज से जुड़ गए थे। ये वो लोग थे जो अलग-अलग राज्यों के वॉट्सऐप ग्रुप में कनेक्ट थे। वो पंकज को ग्रुप में जुड़े दूसरे लोगों की डिटेल स्क्रीन रिकॉर्डिंग के साथ देने लगे। इस तरह पंकज अब नए-नए जुड़े लोगों को भी कंपनी की सच्चाई बताने लगा। पंकज फोन करके और टैक्स्ट मैसेज भेज बताता था कि कंपनी फर्जी है, इसमें रुपए मत डालिए।
इसके बाद दिसंबर 2023 की शुरुआत में 20 की जगह 12 दिन में रुपए डबल करने का प्लान कंपनी ने लोगों के साथ शेयर किया। 3 लोगों को जोड़ने पर जीपी-1, 6 लोगों को जोड़ने पर जीपी-2 और 30 लोगों को जोड़ने पर जीपी 10 लेवल कंपनी की तरफ से संबंधित लीडर को दिया जाता था।
जीपी-2 लेवल पर 2 हजार रुपए महीना सैलरी और जीपी-10 लेवल पर 10 हजार रुपए सैलरी तक कंपनी लोगों को देने का वादा करती थी। ये लालच इसलिए दिया जाता ताकि लोग ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़े।
35 लड़कियां करती हैं लोगों को फंसाने का काम
पंकज ने जब SENEE TRADER के खिलाफ मोर्चा खोला और पड़ताल की तो उसे पता चला कि करीब 35 लड़कियां इस काम में शामिल हैं, जो पूरे भारत के युवकों को टारगेट करती है। पंकज से ऐसे कई युवकों ने अपनी वॉट्सऐप चैट शेयर की।
इन्हें लड़कियों ने पंकज की तरह झांसे में लिया और फिर कंपनी में इन्वेस्ट करने के लिए दबाव बनाया। लड़कियां जो नाम युवकों को बताती थी वो फर्जी होता था। जो वीडियो-फोटो भेजती थी वो भी नकली होता। आलिया ने पंकज को मुंबई लोकेशन के वीडियो भेजे थे। बाद में पता चला कि जिसके वीडियो भेजे गए वो कोई और है।

लोगों को फंसाने के लिए कंपनी बॉलीवुड स्टार्स के फोटो का उपयोग भी करती थी। बताया जाता था कि ये भी हमारे इन्वेस्टर्स हैं और ज्यादा लोगों को जोड़ने पर आपको भी इनसे मिलने का मौका मिलेगा।
भागने से पहले 2 दिन में रुपए डबल करने का ऑफर
SENEE TRADER कंपनी ने जनवरी 2024 में लोगों को ठगने के लिए आखिरी दांव चला। कंपनी के कर्ताधर्ता रफू चक्कर होने का मन बना चुके थे और जाते-जाते लोगों से ज्यादा से ज्यादा रुपए बटोरना चाहते थे। ऐसे में अब 2 दिन में ही रुपए डबल करने का ऑफर दिया गया।
इसके साथ आई फोन सहित और गिफ्ट देने की बात भी कही। आखिरकार 14 जनवरी की रात 8 बजे कंपनी बंद हो गई। ठगोरे भाग गए लेकिन सभी वॉट्सऐप ग्रुप जिस पर देशभर के निवेशक कनेक्ट थे वहां पंकज पाल के नाम से मैसेज डाल गए।
ग्रुप पर मैसेज डलने के बाद से ही पंकज परेशान है। पंकज को इसलिए टारगेट किया गया क्योंकि उसने आवाज उठाई और फर्जी कंपनी की पोल खोलना शुरू कर दी थी। पंकज ने अगले दिन 15 जनवरी को इंदौर पुलिस को शिकायत की।
पुलिस ने उससे आवेदन ले लिया। लेकिन पंकज के पास लगातार देशभर के लोगों के रोजाना फोन आ रहे है और वो पंकज से निवेश किए गए रुपए मांग रहे हैं। इतना ही नहीं पंकज को रुपए नहीं देने पर जान से मारने की धमकी तक दे रहे हैं।
इंदौर पुलिस ने पंकज से कहा है कि वो सिम बदल ले। अगर दूसरे स्टेट की पुलिस उसे पकड़ने आती है तो उन्हें अपना बैंक अकाउंट चेक करवा दे। कई लोगों ने टीम बनाकर काम किया और लोगों से रुपए इन्वेस्ट करवाए हैं।
बेंगलुरु में एक रिटायर्ड अधिकारी की 800 लोगों की टीम है। जयपुर में एक व्यक्ति की 2500 लोगों की टीम है। किसी ने 7 लाख तो किसी ने 2 लाख इन्वेस्ट एक दूसरे के कहने पर किए हैं। अब रुपए नहीं मिलने पर एक दूसरे के खिलाफ केस दर्ज करवाया जा रहा है और आखिर में सिरा पंकज पाल के नाम पर आकर खत्म हो रहा है, क्योंकि वॉट्सऐप ग्रुप पर उसका का नाम, नंबर, फोटो और एड्रेस डाला गया है। करोड़ों की ठगी जिसने की वो असली मास्टर माइंड कहां है ये किसी को नहीं पता।