
इंदौर के विजय नगर में सोमवार रात वार्ड 46 से कांग्रेस की पार्षद और उनके पति के साथ मारपीट हो गई। दोनों रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। इस दौरान नजदीक की टेबल पर बैठे तीन युवक और युवती ने उनके साथ मारपीट की। बाद में वह थाने पहुंची और आरोपियों पर केस दर्ज कराया।
विजय नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना स्कीम नंबर 54 के गुरू कृपा रेस्टोरेंट की है। यहां पर शैफाली शेफू वर्मा पति आकाश वर्मा निवासी सोमनाथ की चाल अपने पति, भाई और बेटी के साथ रात में करीब 11 बजे खाना खाने पहुंची थी। नजदीक की टेबल पर तीन लड़के और एक लड़की बैठे थे। चारों मोबाइल पर किसी से अपशब्दों का उपयोग कर बात कर रहे थे।
वार्ड 46 से कांग्रेस की पार्षद शेफू पति आकाश वर्मा निवासी सोमनाथ की चाल।
शेफू वर्मा और उनके पति आकाश ने चारों को अपशब्दों के इस्तेमाल पर टोका और कहा कि यहां पर इस तरह की भाषा का उपयोग ना करें। इस बात पर वह नाराज हो गए और उन्होंने महिला पार्षद और उनके पति को अपशब्द कहना शुरू कर दिए। उन्होंने अपना परिचय दिया तो आरोपी कहने लगे कि वह बीजेपी के लोग हैं। इसके बाद चारों ने पार्षद और उनके पति के साथ मारपीट कर दी। होटल स्टाफ ने बीच-बचाव किया।
होटल में भीड़ होने के चलते आरोपी वहां से जान से मारने की धमकी देकर चले गए। आरोपी रेस्टोरेंट के बाहर बाइक छोड़कर गए हैं। पुलिस बाइक थाने ले गई है। रात में महिला पार्षद अपने पति के साथ थाने पहुंची और केस दर्ज कराया। पुलिस मामले में आरोपियों की पहचान में जुटी है।
इस मामले में पार्षद के पति आकाश वर्मा ने कहा, रात में पत्नी शेफू और बच्चों के साथ खाना खा रहे थे। पास की टेबल पर बैठे युवक-युवती अपशब्दों का प्रयोग कर रहे थे। उन्हें मना किया तो आरोपियों ने मुझ से हाथा पाई की। इसके बाद होटल का स्टाफ आया और उन्हें अलग किया। करीब 10 मिनट बाद वह यहां से चले गए। बाद में पुलिस को जानकारी दी। थाने में जाकर केस दर्ज कराया है।

