इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने ई-रिक्शाओं के रजिस्ट्रेशन के लिए 15 अप्रैल तक का समय दिया है। 15 अप्रैल के बाद ट्रैफिक पुलिस इन ई-रिक्शा पर कार्रवाई करेंगी जिनके रजिस्ट्रेशन नहीं हुए होंगे। ट्रैफिक पुलिस ने ई-रिक्शाओं को कलर के हिसाब से चार जोनों में बांट दिया है। इन चार जोनों में जोन के हिसाब से तय किए रंग की ही ई-रिक्शा चलेगी। इसके लिए कुछ दिनों पहले ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने ई-रिक्शा संचालकों और एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ मीटिंग भी की थी। जिसमें ये सभी बातें तय की गई थी।

फाइल फोटो
डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ई-रिक्शा का संचालन अब जोनवार किया जाना है, इसके लिए सभी ई-रिक्शा के रजिस्ट्रेशन कराए जा रहे है। ई-रिक्शा संचालकों को 15 अप्रैल तक का समय दिया गया है। अगर वे रजिस्ट्रेशन नहीं करवाते हैं तो ट्रैफिक पुलिस ऐसे ई-रिक्शा पर कार्रवाई करेगी। पुलिस चालानी कार्रवाई के साथ जब्ती की भी कार्रवाई की जाएगी। ये रजिस्ट्रेशन प्रोसेस पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर की जा रही है। अब तक करीब साढ़े 5 हजार सभी जोनों को मिलाकर रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। अभी भी करीब 3 हजार से ज्यादा रजिस्ट्रेशन होना बाकी हैं।

जोनवार पहचान के लिए कलर किया निर्धारित
प्रत्येक जोन के ई-रिक्शाओं की छत का रंग अलग-अलग निर्धारित किया जाएगा, जिससे उनकी पहचान आसानी से हो सके।
- जोन 1 – नीला (ब्लू)
- जोन 2 – पीला (येलो)
- जोन 3 – लाल (रेड)
- जोन 4 – सफेद (व्हाइट)
- जोन 1 एवं जोन 4 के ई-रिक्शाओं का पंजीयन ट्रैफिक थाना पश्चिम (महूनाका) में किया जाएगा।
- जोन 2 एवं जोन 3 के ई-रिक्शाओं का पंजीयन ट्रैफिक थाना पूर्व ( MTH कंपाउंड) में किया जाएगा।
पंजीयन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पुलिस विभाग की ओर से प्रत्येक स्थान पर एक-एक अधिकारी/कर्मचारी को नामित किया जाएगा।