इंदौर: डीसीपी विनोद मीणा की बड़े होटल में लग्जरी विदाई पार्टी, आनंदम रिसोर्ट में आतिशबाजी, फूलों की बरसात, रस्सी से गाड़ी खींची और तोहफे में मिला सिंहासन

इंदौर के जोन-1 के डीसीपी रहे विनोद मीणा का दो दिन पहले हुए विदाई समारोह का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो के जरिए दावा किया जा रहा है कि समारोह में भव्य आतिशबाजी के बीच डीसीपी का स्वागत-सत्कार किया गया। फूलों की रस्सी बनाकर उनकी गाड़ी को खींचा गया। डीसीपी को सिंहासन गिफ्ट किया गया।
वीडियो के जरिए दावा किया जा रहा है कि बड़े होटल में आयोजित समारोह में भव्य आतिशबाजी के बीच डीसीपी का स्वागत-सत्कार किया गया।

बताया जा रहा है कि यह पार्टी बायपास स्थित आनंदम रिसोर्ट में रखी गई थी। अब इस आलीशान पार्टी की चर्चा पूरे पुलिस महकमे में है। इसके साथ ही इतने बड़े आयोजन को लेकर सवाल भी उठाए जा रहे हैं।

देखिए लग्जरी फेयरवेल पार्टी की पांच तस्वीरें…

विनोद मीणा को साफा बांधने के बाद तिलक लगाकर स्वागत किया गया।

डीसीपी रहे विनोद मीणा को विदाई में गुलदस्तों के साथ एक सिंहासन भी तोहफे में दिया गया।

वीडियो में दिख रहा है कि डीसीपी विनोद मीणा का सभी लोग स्वागत कर रहे हैं।

आनंदम रिसोर्ट पर रखी गई थी यह फेयरवेल पार्टी।

पुलिसकर्मियों ने फूलों की रस्सी बनाकर डीसीपी की गाड़ी को खींचा।

एंट्री और विदाई के दौरान जमकर आतिशबाजी बताया जा रहा है कि तेजाजी नगर बायपास स्थित आनंदम रिसोर्ट आयोजित फेयरवेल पार्टी में जोन-1 के एडिशनल डीसीपी आलोक शर्मा, तेजाजी नगर, गांधी नगर और मल्हारगंज एसीपी भी मौजूद रहे। जोन के सभी टीआई और सिपाही इस शानदार पार्टी के साक्षी बने।

डीसीपी मीणा को सोफे पर बैठाकर हार-फूल पहनाए गए और बुके देकर उनका स्वागत किया गया। पार्टी की भव्यता इतनी थी कि डीसीपी की एंट्री और विदाई के दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गई।

सभी थाना प्रभारियों ने मिलकर किया आयोजन दावा किया जा रहा है कि यह आयोजन जोन-1 के तहत आने वाले सभी थाना प्रभारियों ने मिलकर किया था। इसमें डीसीपी विनोद मीणा को इंदौर से विदाई दी गई। जानकारी के मुताबिक खुफिया विभाग के सिपाही भी इसमें शामिल हुए थे।

अगले दिन प्रशासनिक रूप से अलग से विदाई लग्जरी पार्टी का यह वीडियो सीनियर अधिकारियों तक भी पहुंचा है, लेकिन अब तक उनकी ओर से किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि इस पार्टी के अगले ही दिन पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह और अन्य अधिकारियों ने डीसीपी जोन-1 विनोद मीणा और डीसीपी ऋषिकेश मीणा को प्रशासनिक रूप से अलग से विदाई दी थी। दोनों अफसरों ने इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर किया था।

मंदसौर हुआ है तबादला, उज्जैन में भी रह चुके विनोद मीणा का तबादला हाल ही में मंदसौर किया गया है। इससे पहले वह उज्जैन में भी पदस्थ रह चुके हैं। इंदौर में यह उनकी दूसरी पोस्टिंग थी। प्रशिक्षु आईपीएस के रूप में भी वह पहले भी इंदौर में रह चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *