
घर में इस जगह पड़े मिले दोनों के शव ।
इंदौर के संयोगितागंज इलाके में एक बुजुर्ग और उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। शव बंद मकान में पड़ा मिला। बुधवार शाम लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना की। पुलिस ने मौके पर जाकर दोनों के शव बरामद कर मर्चुरी में भिजवाए हैं।
संयोगितागंज पुलिस के मुताबिक घटना नवलखा के पास आईडीए बिल्डिंग की है। यहां पुलिस को बिल्डिंग में रहने वाले SBI के पूर्व मैनेजर 76 साल के बुजुर्ग किशोर धामंदे और उनकी 53 वर्षीय बेटी रमा धामंदे का शव घर के अंदर पड़ा मिला। रिश्तेदारों ने शंका जताई है कि बेटे पुल्कित उर्फ मुकुल धामंदे ने ही दोनों को मौत के घाट उतारा है । वह घर पर नही मिला। उसकी मानसिक हालत ठीक नही हैं। इसलिये उसी पर शंका जाहिर की गई है। अफसर मौके पर मामले की जानकारी जुटा रहे हैं। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
फोन रिसीव नही किया तो थाने पर दी जानकारी
बताया जाता है कि बुजुर्ग किशोर और उनकी बेटी रमा का शव एक से दो दिन पुराना है। दोनो को दो दिन से किसी ने नही देखा। छोटी बेटी पिता के मोबाइल पर कॉल कर रही थी। लेकिन वह फोन रिसीव नही कर रहे थे। इसके बाद मौके पर पहुंचे तो घर पर ताला लटका मिला। थाने पर सूचना दी गई। इधर कमरे से बदबू भी आ रही थी। जिसमें पुलिस मौके पर पहुंची तो पिता पुत्री दोनों अंदर पड़े मिले। पुलिस के मुताबिक पुल्कित के मिलने के बाद ही पूरी स्थिती स्पष्ट होगी।