इंदौर। इवेंट मैनेजर युवती के साथ प्रॉपर्टी ब्रोकर ने की ठगी और छेड़छाड़, जानिए पूरा मामला

इंदौर के लसूडिया इलाके में रहने वाली एक इवेंट मैनेजर युवती के साथ प्रॉपर्टी ब्रोकर द्वारा ठगी और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। ब्रोकर ने युवती से दोस्ती कर दो जगह प्लाट दिलाने के नाम पर साढ़े पांच लाख रुपए से ज्यादा ठग लिए। इतना ही नहीं आरोपी ने युवती को होटल में बुलाकर संबंध बनाने का दबाव भी बनाया।

पीड़िता ने लसूड़िया और एरोड्रम थाने में दो अलग-अलग शिकायतें भी की। लेकिन उसका आरोप है कि पुलिस ने राजनीतिक दबाव के चलते पूरे मामले को दबा दिया। फिर तीन दिन पहले सीएम हेल्पलाइन पर भी पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने की शिकायत की है।

तलावली चांदा में रहने वाली युवती ने एअरपोर्ट रोड पर रहने वाले प्रॉपर्टी ब्रोकर गोल्डी राठौर के खिलाफ 7 सितंबर को प्रॉपर्टी दिलाने के नाम पर ठगी, छेड़छाड़ व पिता के साथ भी ठगी करने का शिकायती आवेदन लसूड़िया थाने में दिया था । लेकिन एक माह से ज्यादा समय होने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।

जो युवती ने पुलिस को बताया

  • गोल्डी ने मई 2023 में निरंजनपुर में 60 लाख कीमत का प्लॉट दिलाने के नाम पर करीब 5 लाख 76 हजार की ठगी की।
  • जब प्लाट के बारे में पता चला कि वह अस्तित्व में ही नहीं है तो युवती गोल्डी से राजश्री अपोलो अस्पताल के पास आरएम होटल पर मिलने पहुंची।
  • यहां गोल्डी ने अश्लील हरकत की और संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया।
  • गोल्डी मोबाइल पर लगातार मैसेज कर बदनाम करने की धमकी देने लगा।
  • फरवरी माह में गोल्डी घर से उसके पिता का मोबाइल ले गया।
  • मोबाइल वापस देने की बजाय पीड़िता के पिता के नाम से कोटक महिंद्रा बैंक से एलईडी और होम क्रेडिट से मोबाइल फाइनेंस करवा लिया।

9 सितंबर को एरोड्रम थाने में शिकायत

पीड़ित युवती ने 9 सितंबर को एक शिकायत एरोड्रम टीआई राजेश साहू के पास जाकर भी की। श्रीराम नगर कॉलोनी में प्लाट दिलाने के नाम पर जून 2023 में कुलदीप नाम के व्यक्ति से मिलवा कर करीब 2 लाख 60 हजार रुपए अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए गए। मामले में पीड़िता को पता चला कि उक्त कॉलोनी को लेकर पहले ही फर्जीवाड़े में कार्रवाई हो चुकी है। आवेदन देने के एक माह बाद भी पुलिस ने संपर्क नहीं किया।

आरोपी ने गुंडे भेजे, धमकाया भी

युवती के मुताबिक वह इवेंट मैनेजमेंट के काम से जुड़ी है। इसके साथ ही पार्लर का काम भी देखती है। आरोपी ने उसके घर गुंडे भेजे और शिकायतें वापस लेने का दबाव बनाया। एरोड्रम इलाके में थाने में पहचान होने के साथ राजनीतिक लोगों के नाम की धमकी भी दी। इसके चलते पीड़िता पुलिस कार्रवाई को लेकर डरने लगी।

महिला संबंधी अपराध गंभीर हैं। जो आरोप लगाए हैं, उस पर निष्पक्ष पुलिस कार्रवाई होगी। मामले को दिखवा रहा हूं।

अमरेंद्र सिंह- एडिशनल डीसीपी जोन-2

तीन दिन पहले की सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत

डीसीपी आदित्य मिश्रा ने थानों में सुनवाई नहीं होने के चलते खुद से सीधा संपर्क करने के लिए हेल्पलाइन नंबर शुरू किया है। पीड़िता ने कई बार उस पर भी संपर्क किया। लेकिन अफसरों के व्यस्त होने के चलते डीसीपी से मुलाकात नहीं हो पाई। इसके बाद पीड़िता ने तीन दिन पहले सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की है। जिसमें कार्रवाई का आश्वासन मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *