हेरी बॉक्सर के इशारे पर इंदौर में फिरौती की साजिश: जेल में बंद मनीष के जरिए बिल्डर-व्यापारी को धमकियां, हवाला जानकारी के आधार पर बनाया टारगेट

इंदौर के तुकोगंज क्षेत्र में रहने वाले बिल्डर संजय जैन को लगातार व्हाट्सऐप कॉल और वॉइस मैसेज के माध्यम से धमकियां मिल रही थीं। मामले में क्राइम ब्रांच में शिकायत के बाद तुकोगंज पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच के दौरान अशोक नगर जेल में बंद आरोपी मनीष जागिड को प्रोडक्शन वारंट पर हिरासत में लेकर इंदौर लाया गया है।

पुलिस के अनुसार मनीष का संपर्क गैंगस्टर हेरी बॉक्सर से था। उसी के कहने पर वह संजय जैन को टारगेट करने की तैयारी कर रहा था। संजय को लेकर गैंगस्टर को बड़े हवाला कारोबार से जुड़ी जानकारी मिलने की बात भी सामने आई है।

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि मनीष जागिड निवासी जयपुर को अशोक नगर जेल से हिरासत में लिया गया है। कुछ दिन पहले अशोक नगर पुलिस ने उसे फर्जी आधार कार्ड के जरिए पहचान छिपाकर ठहरने के मामले में पकड़ा था। उसके पास से एक लाख रुपए नकद, दो मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की गई थी। पूछताछ में मनीष ने हेरी बॉक्सर से संपर्क होने की बात स्वीकार की थी और बताया था कि वह इंदौर में भी बड़े घटनाक्रम को अंजाम देने की तैयारी में था।

व्यापारी की रेकी कर भेजे थे वीडियो जांच में सामने आया कि मनीष ने एक बड़े व्यापारी अंकित की रेकी की थी। अंकित को भी लगातार मोबाइल पर धमकियां मिल रही थीं। इसके बाद उसके मोबाइल पर घर के वीडियो भेजे जाने लगे थे। मैसेज में बताया गया था कि शूटर आसपास मौजूद है और उससे 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी। हालांकि फिरौती वसूलने से पहले ही मनीष पकड़ा गया और विश्नोई गैंग की योजना विफल हो गई।

हवाला कारोबार की जानकारी के आधार पर टारगेट तुकोगंज पुलिस को संजय जैन ने खुद को बिल्डरशिप से जुड़ा बताया है। हालांकि सूत्रों के अनुसार विश्नोई गैंग को सूचना थी कि संजय हवाला कारोबार से भी जुड़े हैं और बड़ी पार्टियों में उनका आना-जाना है। इसी आधार पर उन्हें फिरौती के लिए टारगेट किया गया।

क्राइम ब्रांच को आशंका है कि अशोकनगर-गुना क्षेत्र में वारदात से पहले मनीष अपने साथियों के साथ इंदौर आया था और संजय की रेकी की थी। अनजान नंबरों से भेजे गए वॉइस मैसेज में संजय से जुड़ी कई पुख्ता जानकारियां दी गई थीं। पुलिस का कहना है कि मनीष से इंदौर में पूछताछ के बाद पूरे नेटवर्क और साजिश का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *