इंदौर। Paytm कंपनी के फील्ड मैनेजर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या – देखें VIDEO

इंदौर में पेटीएम के फील्ड मैनेजर गौरव गुप्ता ने खुदकुशी कर ली।

इंदौर में पेटीएम कंपनी के फील्ड मैनेजर ने खुदकुशी कर ली। रविवार को उनका शव घर में ही फंदे पर लटका मिला। वे ग्वालियर के रहने वाले थे। सोमवार को सुबह ग्वालियर में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

मृतक का नाम गौरव गुप्ता (40) पिता सुरेश गुप्ता है। जो इंदौर की स्कीम नंबर 78 में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि वे जॉब को लेकर परेशान थे। हालांकि परिजनों ने बताया कि गौरव ने उन्हें कह रखा था कि पेटीएम में उन्हें कोई परेशानी नहीं है। सुसाइड को लेकर अभी किसी तरह के स्पष्ट कारण सामने नहीं आए हैं।

पत्नी ने कहा- नौकरी जाने का था डर

लसूड़िया टीआई तारेश सोनी के मुताबिक गौरव इंदौर में ही पेटीएम ऑपरेशन फील्ड मैनेजर थे। पत्नी ने पुलिस को दी प्रारंभिक जानकारी में कहा है कि वे कुछ दिन से जॉब को लेकर डिप्रेशन में थे। उन्हें नौकरी जाने का डर था। आशंका है कि इसी कारण से उन्होंने सुसाइड किया है।

पुलिस ने इस मामले में कंपनी के अधिकारियों के भी बयान लेने की बात कही है। पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

मृतक गौरव गुप्ता ग्वालियर के रहने वाले थे। सोमवार सुबह ग्वालियर में ही उनका अंतिम संस्कार किया गया।

गौरव की दो बेटियां, 8 साल पहले हुई शादी

गौरव की शादी को करीब 8 साल हो गए थे। पत्नी का नाम मोहिनी है। एक बेटी सात साल और दूसरी बेटी डेढ़ साल की है। वह मूल रूप से ग्वालियर के समाधिया कॉलोनी के रहने वाले थे। वहां घर में बुजुर्ग माता-पिता और बड़ा भाई है।

एक सप्ताह पहले ही ससुर ने लिया था फ्लैट

गौरव गुप्ता इंदौर में जिस फ्लैट में पत्नी और दो बेटियों के साथ रहते थे, वह एक सप्ताह पहले उनके ससुर ने खरीदा था। गौरव की साली पूनम भी उनके साथ रहती थी। वह निजी कंपनी में जॉब करती है। अभी उसकी शादी नहीं हुई है।

फ्लैट पर ही मनाया था साली का बर्थडे

परिवार के लोगों ने बताया कि शनिवार को गौरव की साली पूनम का बर्थडे था। सभी ने फ्लैट पर ही सेलिब्रेट किया था। रात में परिवार के लोगों से भी मोबाइल पर बात हुई थी। जिसमें किसी तरह के तनाव को लेकर बात नहीं की थी।

गौरव को दो कंपनियों से था ऑफर

परिजनों ने बताया कि गौरव ने नौकरी को लेकर कभी बात नहीं की। एक दिन पहले भी बड़े भाई अजीत से उसकी बात हुई थी। कंपनी में उसका पैकेज सालाना करीब 9 लाख रुपए था। इस पैकेज पर ही उसे दो अन्य कंपनियों से भी सीनियर पोस्ट के लिए ऑफर मिले थे। लेकिन गौरव का कहना था कि कंपनी जब तक इस मामले में कोई निर्णय नहीं लेती वह जॉब नहीं छोड़ेंगे।

रविवार दोपहर बच्चों से बात करने के लिए बड़े भाई ने गौरव के नंबर पर कॉल किया तो उसकी पत्नी मोहिनी ने जानकारी दी कि उन्होंने सुसाइड कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *