
सोने का रंग बदलकर तस्करी करने का इंदौर में पहला मामला सामने आया है। तीन तस्कर इंदौर एयरपोर्ट पर पकड़ाए हैं। पुलिस नें 92 लाख रुपए के मूल्य का विदेशी सोना जब्त किया है। इंदौर एयरपोर्ट पर कस्टम कमिश्नरेट की एयर इंटेलीजेंस यूनिट ने दिल्ली, जोधपुर और नागपुर के यात्री को पकड़ा है। जानकारी के मुताबिक तीनों तस्कर अधिकारियों की आंखों में धूल झोंकने के लिए यात्री चांदी के रंग में रंगकर सोना लाए थे।

विदेशी सोने से बने कड़े, अंगूठी, चेन और बेल्ट को रोडियम और चांदी की पॉलिश देकर देश में लाने वाले तीन तस्करों के पास से 1.7 किलोग्राम वजन का 92 लाख रुपए मूल्य का विदेशी सोना जब्त किया गया है। तीन आरोपियों के पास से कुल मिलाकर दो चेन, दो कड़े, एक बेल्ट का बक्कल, दो कैप्सूल, एक काले मोतियों के आकार का कड़ा और एक अंगूठी जब्त की गई। गौरतलब है कि इसमें से एक भी चीज सोने के सुनहरे रंग की नहीं थी। शक के आधार पर यात्रियों से पूछताछ शुरू करते हुए जांच की। इस दौरान एक्सरे में एक यात्री के शरीर के भीतर कुछ छुपाने की जानकारी मिली।

दिल्ली, जयपुर व नागौर के हैं आरोपी
इंटेलिजेंस की सूचना के आधार पर गुरुवार को दुबई से इंदौर आ रहे तीन यात्रियों की तलाशी ली गई। दिल्ली, जयपुर व राजस्थान के नागौर निवासी तीनों यात्रियों से कुल एक किलो सात सौ ग्राम सोना बरामद किया गया। इसे कस्टम ने जब्त कर यात्रियों से पूछताछ शुरू की है। यात्रियों पर शक है कि वे सोना तस्करी करने वाले गिरोह के लिए कोरियर का काम करते हैं।
शरीर के भीतर छुपाकर ला रहा था कैप्सूल
आरोपियों में से एक व्यक्ति के पास से सोने का एक काले मोती वाला कड़ा, शरीर के अन्दर छुपी हुई दो कैप्सूल और चांदी की पॉलिश चढ़ी एक मोटी सोने की अंगूठी पकड़ी। आरोपी ने गुप्तांग से कैप्सूल को शरीर के भीतर छुपा लिया था। दूसरे व्यक्ति से सोने का बेल्ट का बक्कल, एक कड़ा और एक चेन पकड़ी। इसी तरह एक अन्य व्यक्ति के पास से एक सोने का कड़ा और एक सोने की चेन पकड़ाई। सभी सोने की चीज़ों पर चांदी या रोडियम की पॉलिश थी। कस्टम्स विभाग द्वारा उक्त सोना जब्त कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।