इंदौर। शादी का झांसा देकर न्यूजीलैंड से आई युवती से दोस्त ने किया दुष्कर्म, पांच लाख रुपये भी ठगे – देखें VIDEO

 

इंदौर में खुद को बिजनेस मैन और क्राइम रिपोर्टर बताने वाले युवक के खिलाफ न्यूजीलैंड की NRI युवती ने रेप का केस दर्ज कराया है। आरोपी से उसकी पहचान एक बर्थडे पार्टी में हुई थी। युवती दस साल से न्यूजीलैंड के ऑकलैंड शहर में रह रही है।

शादी के लिए रिश्ता ढूंढना था इसलिए इंदौर आई। यह बात अपने दोस्तों से भी शेयर की। इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी ने उसे जाल में फंसा लिया। फिर धोखे से 5 लाख रुपए लिए और होटल में बुलाकर रेप किया। युवती ने इसकी शिकायत आरोपी युवक के पिता से भी की, लेकिन वह उसे टालते रहे।

पढ़िए जुलाई में इंदौर आने के बाद क्या-क्या हुआ पीड़िता के साथ…

खजराना पुलिस को की गई शिकायत में युवती ने बताया कि उसने पुणे के साथ ही इंदौर में भी पढ़ाई की है। करीब 10 साल से न्यूजीलैंड में जॉब कर रही है। जुलाई 2023 में 6 महीने की छुट्टी लेकर इंदौर आई थी। वो दिसंबर तक इंदौर में रुकने वाली थी और उसका इरादा यहां के किसी लड़के से शादी करने का था।

यहां वह अपने कॉलेज फ्रेंड अरूण वाधवानी से मिली। उसके साथ एक बर्थडे पार्टी में अर्पित पहाड़िया से मिली। यहां अर्पित ने अपने प्रोफेशन को लेकर उसे जानकारी दी। बातचीत में उसे अर्पित पसंद आया। यहां से दोस्ती के बाद मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई। दोनों कई बार घूमने भी गए। इस दौरान अर्पित ने युवती से कहा कि वह उसे पंसद करता है और शादी करना चाहता है।

रोते हुए मांगे रुपए, कहा अकाउंट फ्रीज हो गया

अर्पित से बातचीत के दौरान युवती ने कई बातें शेयर की। उसने बैंक बैलेंस और सैलरी के बारे में पूछा। तब उसे 40 लाख की एफडी की जानकारी दी। इसके बाद सितंबर 2023 में वह घर पर आया। युवती बाहर निकलकर मिलने गई तो रोने लगा। अर्पित बोला कि पापा अनिल पहाडिया का एक जमीन का सौदा चल रहा है।

उसका अकाउंट फ्रिज हो गया है। उसे खुलने में दो दिन लगेंगे। तब तक मुझे 7 से 8 लाख रुपए दे दो। तुम्हें वापस लौटा दूंगा। पीड़िता ने अर्पित पर विश्वास कर 1 लाख रुपए पेटीएम से, 25 हजार रुपए पिता के अकाउंट में डलवाए। इसके अलावा 3 लाख 75 हजार का RTGS अर्पित के अकाउंट में करवा दिया। इसके अलावा कई बार अर्पित को कैश भी दिया।

शादी की बात करने के लिए मिलने बुलाया

अर्पित से इसके बाद मोबाइल पर बात होती रही। 1 अक्टूबर को अर्पित का कॉल आया और एमआर 10 की होटल में मिलने की बात हुई। पीड़िता ने होटल में मिलने से मना किया तो वह कहने लगा कि सरप्राइज प्लान है। बहुत पैसा खर्च किया है। दबाव बनाकर आने के लिए कहा। इसके बाद युवती द पार्क होटल के रूम में मिलने चली गई। यहां वेलकम ड्रिंक ऑफर की। जिसे पीने के बाद पीड़िता बेसुध होने लगी। अर्पित ने कहा तबीयत ठीक नहीं लग रही तो लेट जाओ। इसके बाद अर्पित ने युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

होश में आने के बाद शरीर पर कपड़े नहीं थे। अर्पित से कहा तो कहने लगा शादी होने वाली है, यह बस चलता है। इसके बाद भी युवती ने शिकायत करने की बात कही, तो कहने लगा यह सब चलता है, ज्यादा मत सोचो।

2 अक्टूबर को होटल से चेक आउट किया तो युवती ने अपनी मम्मी का नाम लेकर अर्पित से रुपए वापस करने के लिए कहा। इस पर अर्पित ने कहा कि मम्मी को दिखाने के लिए लिखा-पढ़ी कर लेता हूं, एक चेक दे देता हूं। तुम तारीख मत डलाना। इसके बाद स्टाम्प पर लिखा-पढ़ी कर ICICI बैंक का 5 लाख रुपए का चेक दे दिया। इसके बाद पीड़िता घूमने के लिए केदारनाथ चली गई।

फोन उठाना बंद किया तो डिप्रेशन में चली गई पीड़िता

साफ्टवेयर इंजीनियर युवती ने बताया कि नवंबर 2023 में वापस आई तो अर्पित ने मोबाइल कॉल रिसीव करना बंद कर दिए। इसके कारण वह डिप्रेशन में आ गई। उसकी तबीयत खराब हुई और अस्पताल में एडमिट करना पड़ा।

इस दौरान अर्पित मिलने आया। मोबाइल नहीं उठाने की बात पर कहने लगा कि बिजनेस के चलते व्यस्त था। इसके बाद उसके पापा के बारे में पूछा तो कहा कि वह भी बिजनेस को लेकर व्यस्त रहते हैं। मैंने पूछा कि पापा को सारी बात बता दी, तो बोला कि हां सब कुछ बता दिया है।

तुम ठीक हो जाओ तो मिलवाता हूं। अस्पताल से छुट्टी के बाद अर्पित बदला-बदला सा नजर आने लगा। उससे मोबाइल पर बात करती तो वह रुपयों के बारे में बात करने लगता। युवती कहती कि रुपए जब आ जाएं, तब दे देना। लेकिन शादी के बारे में पूछती तो टालने लगता।

इसके बाद पीड़िता अर्पित के पिता से मिलने पहुंची तो उन्होंने पहचानने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने अर्पित के साथ दोस्ती, रिलेशन होटल में हुए वाकए के बारे में बताया। इस पर अर्पित के पिता ने कहा कि उससे बात करेंगे।

शादी भी करायेंगे और पैसे भी वापस दिलावाएंगे। लेकिन बाद में अर्पित ने शादी से इनकार कर दिया और जान से मारने और फोटो-वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी देने लगा। युवती को 30 दिसंबर को न्यूजीलैंड वापस जाना है, इसलिए पूरी बात मां और दोस्त को बताई। इसके बाद अर्पित के खिलाफ खजराना में केस दर्ज कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *