
इंदौर के विजय नगर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जर्मनी से इंदौर लौटी महिला डॉक्टर ने पति पर संगीन आरोप लगाए। उसका दावा है कि शादी के बाद जर्मनी ले गए डॉक्टर पति ने कई अनचाही मांगें रख दी। यह पूरी करना मेरे बस में नहीं था। जैसे-तैसे मायके लौटी हूं। अब पति पर केस दर्ज करा दिया है। इधर, खबर है कि पत्नी के अचानक भारत (इंदौर) लौटने से आरोपी पति घबरा गया। वह उसके पीछे-पीछे इंदौर आ गया। मंगलवार को आरोपी यहीं था।
अब जानिए नवविवाहिता पत्नी के आरोप….
‘मैं मूल रूप से इंदौर में विजय नगर इलाके की रहने वाली हूं। पेशे से डॉक्टर हूं। मेरा परिवार अभी भी इंदौर में ही रहता है। फरवरी 2023 में एक साल पहले मेरी शादी विजय नगर में ही रहने वाले डॉक्टर दोस्त से हुई थी। हम दोनों के बीच प्यार था इसलिए हमने शादी कर ली थी।
2023 में शादी के बाद पति के साथ जर्मनी शिफ्ट हो गई। शुरुआत में सब कुछ ठीक-ठाक चलता रहा। कुछ दिन के बाद पति का रवैया बदला-बदला सा लगने लगा। पहले तो मैंने कुछ नहीं कहा, लेकिन उसका बर्ताव बहुत ज्यादा चेंज हो चुका था। एक दिन उसने अचानक मारपीट शुरू कर दी।
फिर बोला कि तुम्हारे मायके वालों ने दहेज में कुछ भी नहीं दिया। अब तुम ही मेरे लिए प्रॉपर्टी हो। जो मैं कहता हूं वो करो। वह बोला मैंने अपने रिलेशन बनाते समय और तुम्हारे नहाने के अलावा कपड़े बदलते समय के फोटो खींच रखे हैं। यदि तुमने मेरी बात नहीं सुनी तो इसे वायरल कर दूंगा।
उसने कहा कि जर्मनी में वैसे भी देह व्यापार कानूनी जायज है तो तुम यही करके रुपए कमाओ। इस धमकी से मैं हैरान रह गई। मैंने साफ मना कर दिया। मैंने उससे कहा कि मैं एक संस्कारी लड़की हूं। यह सुनते ही वह बौखला गया और मुझसे मारपीट करने लगा।
फिर बोला कि ऐसा नहीं कर सकती हो तो अपने पिता से 1 करोड़ रुपये लाकर दो। इसके बाद जैसे-तैसे जर्मनी से इंदौर लौट आई और परिवार के सामने सच बयां कर दिया। यह पूरा वाकया 17 जनवरी 2024 से 12 फरवरी 2024 के बीच हुआ था।
(जैसा नवविवाहिता डॉक्टर ने पुलिस को बताया)
पांच दिन बाद है पहली सालगिरह
दोनों साथ में डॉक्टरी की प्रैक्टिस करते थे। संपर्क में आए और एक-दूसरे को पसंद करने लगे। दोस्तों, परिचितों को उनके प्रेम-प्रसंग की बात पता चल गई। दोनों ने वैलेंटाइन-डे से दो दिन पहले शादी करने का निर्णय लिया। साल 2023 में 17 फरवरी को लव मैरिज हुई। अब पहली सालगिरह से पांच दिन पहले ही महिला ने पति पर केस दर्ज करा दिया।
जर्मनी में देह व्यापार लीगल
महिला का कहना है कि जर्मनी में देह व्यापार लीगल है। इसी बात का फायदा उठाकर पति सेक्स वर्कर बनने का दबाव बनाता था।
पुलिस ने एक दिन पहले दर्ज किया केस
महिला डॉक्टर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दहेज प्रताड़ना, धमकाने समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। मंगलवार को भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस नोटिस भेजकर उससे पूछताछ कर सकती है। अभी तक उसके खिलाफ जो धाराएं लगाई गई हैं उसमें सजा का प्रावधान अधिकतम 7 साल है।