इंदौर में एक युवक ने अपनी पत्नी को बेरहमी से पीटा। बालकनी से फेंकने की कोशिश की, फिर ईंट से कई बार मारा। इस दौरान आरोपी की दूसरी पत्नी, मां और बहन भी मौजूद थी। वे आरोपी से उसे पीटने का कहती रहीं। पीड़िता छोड़ देने की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपी नहीं माना। लोग वीडियो बनाते रहे, लेकिन बचाने कोई नहीं पहुंचा। रविवार की इस घटना का वीडियो बुधवार को सामने आया है।
बाणगंगा पुलिस ने आरोपी जितेंद्र परमार पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता पूजा परमार आईसीयू में भर्ती है।
भागने की कोशिश की तो घसीटा
पूजा परमार अपने दो बच्चों के साथ बाणगंगा के नरवर में रहती है। पूजा ने पुलिस को बताया, ‘रविवार को मैं दवा लेकर सो रही थी। इसी दौरान पति जितेंद्र अपनी दूसरी पत्नी गायत्री, मां बसंती बाई और बहन पायल के साथ घर में घुस आए।
पति जितेन्द्र ने छुरा उठा लिया। सास, ननंद और गायत्री ने मुझे पकड़ लिया। पति ने कहा बहुत मुंह चलाती है, आज तुझे मार ही डालूंगा। यह कहकर छुरे से मेरे सिर पर वार किया। फिर दोनों हाथों पर चाकू मारा।बाल पकड़कर घसीटते हुए बालकनी में ले आया।
बालकनी से नीचे फेंकने की कोशिश की। सास, ननंद और गायत्री वहां से भाग गए। पति जितेन्द्र रुका रहा। उसने ईंट उठाई और कई बार मेरे सिर पर वार किए। भागी तो पीछे से पकड़ लिया। पीठ और कंधे पर छुरे से वार किया। चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए आए। जितेन्द्र उन्हें छुरा दिखाकर धक्का देते हुए भाग गया।
दूसरी पत्नी और पैसा है विवाद की वजह
पुलिस के मुताबिक दोनों पति-पत्नी के बीच दो-तीन माह से विवाद चल रहा था। रविवार शाम वे आमने-सामने हो गए। पुलिस ने रात में महिला के बयान के बाद हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बाणगंगा पुलिस के मुताबिक पति जितेन्द्र परमार ने एक अन्य महिला गायत्री से भी शादी रचा ली। पति जितेन्द्र दो-तीन माह से इसी कारण से घर नहीं आया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहा।