एमवाय हॉस्पिटल में इलाज के लिए आए एक पेशेंट को डॉक्टर ने जमकर पीटा। पिटाई का कारण पेशेंट का एचआईवी पॉजिटिव होना था। बताया जा रहा है कि पेशेंट ने खुद के एचआईवी पॉजिटिव होने की जानकारी छुपाई थी। इससे गुस्साए डॉक्टर ने उसे तड़ातड़ कई थप्पड़ जड़ दिए और गालियां दी। डीन डॉ. संजय दीक्षित ने बताया कि उक्त डॉक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है।
वाकया शनिवार दोपहर का है। सांवेर रोड निवासी एक 55 वर्षीय व्यक्ति बीती रात सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। परिवार के लोग उसे एमवाय हॉस्पिटल लाए थे। यहां केजुअल्टी में एक जूनियर डॉक्टर ने उसका इलाज शुरू किया। इसी दौरान एमवाय हॉस्पिटल की पर्ची के साथ पेशेंट की प्रिवियस हिस्ट्री की एक प्राइवेट हॉस्पिटल की भी पर्ची साथ में लगी थी। उक्त डॉक्टर ने पहले पेशेंट को देखा और फिर पर्ची देखी तो प्राइवेट हॉस्पिटल की पर्ची पर उसका एचआईवी पॉजिटिव होना लिखा था।

पेशेंट के भतीजे कपिल ने बताया कि पर्ची पर एचआईवी पॉजिटिव देख डॉक्टर एकदम गुस्सा हो गए। उन्होंने पेशेंट को कहा कि मुझे पहले क्यों नहीं बताया। जबकि पेशेंट का कहना था कि मेरी हालत ठीक नहीं है और पर्ची पर सब कुछ लिखा हुआ है। इतना कहते ही डॉक्टर ने उसकी पिटाई शुरू कर दी और जमकर गालियां भी दी। सब कुछ इतना जल्दी हुआ कि पेशेंट कुछ समझ ही नहीं सका।यूनिट में एडमिट अन्य पेशेंट व उनके परिजन भी अवाक रह गए।
इस बीच परिवार के एक नजदीकी व्यक्ति ने उक्त वीडियो बना लिया और एक भाजपा नेता को सेंड कर मामले से अवगत कराया। इसके बाद बात एमवाय अस्पताल प्रशासन तक पहुंची तो तुरंत उक्त डॉक्टर को यूनिट से रवाना कर दिया गया। इस दौरान उक्त पेशेंट के कुछ परिजन हॉस्पिटल पहुंचे तो उन्हें गेट पर ही रोक दिया गया। उक्त पिटाई करने वाले डॉक्टर का पता लगाया जा रहा है।