
इंदौर की इंजीनियर युवती ने अपने ही बॉयफ्रेंड स्वप्नेश पोरवाल उर्फ स्वप्निल के खिलाफ चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। वह उसे कहता था कि एक ही समाज से हैं। दोनों शादी कर लेंगे। ऐसा कहकर 10 साल धोखा देता रहा। इसके बाद शहर छोड़ दिया। दूसरी लड़की के साथ सगाई कर ली। शादी करने ही वाला था कि इंजीनियर युवती को पता चल गया। उसने तुरंत एफआईआर दर्ज करा दी। आरोपी के खिलाफ रेप और गर्भपात कराने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में मंदसौर गई है।
पीड़िता की जुबानी, दोस्ती से दगाबाजी तक की पूरी कहानी…
स्वप्नेश 2014 में सिंगापुर नेस्ट में किराए के फ्लैट में रहने लगा। यहां उसने एक पार्टी रखी। कॉलेज के दोस्तों को बुलाया। मैं भी अपनी सहेलियों के साथ गई थी। रात ज्यादा होने पर स्वप्नेश वहीं रुकने के लिए कहा। मैंने उसकी बात मान ली। रात में वह मेरे पास आया। जबरदस्ती करने लगा। मना करने पर बोला कि हम दोनों एक ही समाज से हैं। शादी कर लेंगे, आगे दिक्कत नहीं आएगी। हम दोनों के बीच दोस्ती बढ़ गई। वह मेरे फ्लैट पर भी आता था।
एक दिन मैंने स्वप्नेश से कहा कि, यह सब अच्छा नहीं लगता। तुम मेरा शोषण कर रहे हो। अब हमें शादी कर लेना चाहिए। उसने मुझे झांसा देते हुए कहा कि घर पर बात हो गई है। मैं झूठ नहीं बोल रहा। पढ़ाई पूरी होते ही हम शादी कर लेंगे।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी होने के बाद भी स्वप्नेश ने शादी नहीं की। 2017 में मैं गर्भवती हो गई। मैंने उससे कहा कि शादी के पहले बच्चा होना ठीक नहीं है। समाज परिवार में गलत मैसेज जाएगा। इसके बाद उसने मार्केट से टैबलेट लाकर दी और गर्भपात करा दिया। कहने लगा कि नौकरी लग जाए तो शादी कर लेंगे। मैं शादी का कहती तो बहाने कर टाल देता।
2022 में स्वप्नेश शादी से ही मुकर गया। बोला कि मैं शादी नहीं कर पाउंगा। तुम मुझसे दूर हो जाओ। उसकी बात सुनकर मैं आगे बढ़ गई। उससे बात करना बंद कर दी।
कुछ महीने बाद स्वप्नेश फिर से मैसेज में बात करने लगा। उसने कहा कि मैं जैसा कहूं वैसा करेगी तो शादी कर लेगा। इस पर मैं मान गई। फिर से कई बार करीब आया। अक्टूबर 2023 में आरोपी स्वप्नेश ने मंदसौर शिफ्ट हो जाने की बात बताई। मैंने कोई आपत्ति नहीं ली। कुछ दिन बाद फेसबुक से पता चला कि उसने यहां सगाई कर ली।
स्वप्नेश से बात की तो वह झगड़ा करने लगा। मैंने उससे कहा कि तुमने जब कह दिया था कि अलग हो जाओ तो मैं दूर चली गई। फिर यह सब क्यों किया। उसने कहा कि तुम मेरे घर में रिश्ते नहीं निभा सकती इसलिए मैंने अपनी मर्जी से सगाई की है। तुम मेरी जिंदगी से चली जाओ। मैंने कहा कि तुमने शादी का क्यों कहा, मेरी लाइफ क्यों बर्बाद की। तो मुझे इधर-उधर की बातें कर समझाने लगा। मैं शारीरिक और मानसिक रूप से काफी कमजोर हो गई। मुझे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। मेरा इलाज चला। डॉक्टर ने सदमे की वजह से एंग्जाइटी होना बताया।
माता-पिता को पूरी बात बताई। उन्होंने स्वप्नेश से बात की तो उसने शादी से इनकार किया। परिवार के लोगों को जानकारी देकर केस दर्ज कराया है।
(जैसा पीड़िता ने पुलिस बयान में बताया)
