इंदौर। राजबाड़ा पर टांगा है, जिसे चाहिए ले आइए… टिकट तय नहीं करने पर BJP का कांग्रेस पर तंज

 

इंदौर में लोकसभा चुनाव के लिए 13 मई को वोटिंग होगी लेकिन कांग्रेस पार्टी से कौन चुनाव लड़ेगा ये अभी तक तय नहीं हो पाया है। जबकि बीजेपी ने मौजूदा सांसद शंकर लालवानी को ही उम्मीदवार घोषित कर दिया है। सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर बीजेपी ने एक पोस्ट कर कांग्रेस पर तंज कसा।

पहले पढ़ लीजिए बीजेपी की पोस्ट

सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर बीजेपी इंदौर महानगर डिस्ट्रिक्ट के अकाउंट से पोस्ट की गई है। जिसमें लिखा है कि “इंदौर लोकसभा का टिकट कांग्रेस ने राजवाड़ा पर टांग दिया है। जिस भी सज्जन को लेना है वे तुरंत राजवाड़ा पहुंचे।”

जिन्हें चुनाव लड़ाना चाहते है वे बीजेपी में चले गए

दरअसल, कांग्रेस को इंदौर लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ाने के लिए प्रत्याशी ही नहीं मिल रहा है। पहले जिन लोगों के नाम चले उन्होंने बीजेपी जॉइन कर ली। इसमें पूर्व विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, पंकज संघवी आदि नेता शामिल हैं।

इसके बाद अरविंद बागड़ी, अक्षय कांति बम, शोभा ओझा, अर्चना जायसवाल के चुनाव लड़ाने की बात सामने आई लेकिन घोषणा नहीं हुई। इंदौर सीट से चुनाव लड़ाने के लिए बदनावर से विधायक भंवरसिंह शेखावत का नाम भी सामने आया है। मगर फिलहाल मंथन ही चल रहा है।

हाल ही में हुई कांग्रेस की बैठक में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी का नाम इंदौर सीट से सबसे आगे रहा है लेकिन पटवारी खुद यहां से चुनाव लड़ने के मूड में नहीं है। दरअसल बीजेपी इंदौर संसदीय क्षेत्र की सभी विधानसभा सीटें अच्छे मार्जिन से जीती है। और पिछली बार ही लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने करीब साढ़े पांच लाख वोट की लीड से चुनाव जीता था।

विधायक मेंदोला ने लिखा- इंदौर से जीतू पटवारी नहीं राहुल गांधी को दो टिकट

वहीं इंदौर विधानसभा 2 से विधायक रमेश मेंदोला ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट डाली है, जिसमें लिखा है कि प्रिय मध्यप्रदेश कांग्रेस, आप बेचारे जीतू पटवारी जी को क्यों बलि का बकरा बना रहे है। मेरा आग्रह है उनकी जगह आप इंदौर से राहुलजी को टिकिट दीजिए। हमारा इंदौर मोदी जी का परिवार है। ये परिवार राहुल गांधीजी को कम से कम 7 लाख वोट की हार का उपहार देकर बिदा करेगा और हां ये अहंकार नहीं विश्वास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *