इंदौर। देर रात बायपास टाउनशिप में नज़र आया तेंदुआ; सीसीटीवी में हुआ कैद, लोग दहशत में- देखें VIDEO

सिमरोल स्थित आईआईटी परिसर और महू में आर्मी के परिसर के बाद अब बायपास की सिल्वर स्प्रिंग-2 टाउनशिप के नजदीक सिल्वर वुड और सिल्वर नेचर में मूवमेंट है। यह दोनों कॉलोनी रालामंडल से लगी हुई है। मंगलवार को इसका एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया। इसमें टाउनशिप की सड़क पर तेंदुआ नजर आ रहा है। फुटेज वायरल होते ही टाउनशिप में दहशत का माहौल हो गया।

सूचना मिलने पर वन विभाग का रेस्क्यू अमला भी जांच करने पहुचा। रेंजर योगेश यादव के मुताबिक फुटेज में दिखा तेंदुआ टाउनशिप में घूम रहा है, लेकिन यह कहना मुश्किल है कि यह रालामंडल से आया है या कहीं और से। यहां पर यह कहना जरूरी होगा कि रालामंडल में घोषित रूप से तेंदुए की मौजूदगी के प्रमाण कई बार मिल चुके हैं। मंगलवार शाम होते ही टाउनशिप में सन्नाटा पसर गया। लोग दहशत में हैं।

महू में पिंजरा तोड़कर भागे तेंदुए का 24 घंटे से मूवमेंट नहीं

महू में सेना के आर्मी वॉर कॉलेज में तेंदुआ का मूवमेंट लगातार जारी है। रविवार-सोमवार की दरमियान रात को तेंदुआ पिंजरे में रखे बकरे का शिकार करने के बाद पिंजरा तोड़कर भाग गया था। इसके 24 घंटे बीतने के बाद तेंदुआ का कोई नया मूवमेंट नजर नहीं आया है। तेंदुआ को पकड़ने के लिए वन विभाग ने आर्मी वॉर कॉलेज कैंपस में दो पिंजरे लगाए हैं, लेकिन अभी तक उसे पकड़ने में सफलता हाथ नहीं लगी हैं। आर्मी वॉर कॉलेज में सोमवार-मंगलवार की रात 2 बजे करीब कैंपस के अंदर श्वान के पीछे दौड़ता हुआ तेंदुआ सेना के कैंपस में लगे कैमरे में कैद हुआ था। इसके बाद से वन विभाग पकड़ने का प्रयास कर रहा था।

दरअसल शुक्रवार को सेना के कैमरे में तेंदुआ दिखा था। इसके बाद वन विभाग ने दो पिंजरे लगाए थे, लेकिन शुक्रवार व शनिवार दोनों ही दिन तेंदुआ पिंजरे में कैद नहीं हुआ। कोई नया मूवमेंट भी नहीं दिखा। इसके बाद वन विभाग ने फिर से रविवार शाम को कैंपस में दो पिंजरे लगाए। रविवार देर रात एक पिंजरे में तेंदुआ बकरा खाने के लालच में घुसा और कैद तो हो गया था, लेकिन शिकार के बाद वह पिंजरा तोड़कर भाग गया।

जिस पिंजरे को तोड़ा उससे 250 रेस्क्यू

वन विभाग के डिप्टी रेंजर पवन जोशी ने बताया कि मंगलवार शाम को फिर से तेंदुए को पकड़ने के लिए दो पिंजरे लगाए हैं। वन विभाग रेस्क्यू दल के अनुसार तेंदुए ने जिस पिंजरे को तोड़ा है। उससे 250 से ज्यादा तेंदुए पकड़ने का रेस्क्यू किया जा चुका है। इस तरह पिंजरे को क्षतिग्रस्त करने की घटना पहली बार ही हुई है। वन विभाग रेस्क्यू करने के लिए जल्द ही नए पिंजरे बनवाने की भी तैयारी कर रहा है।

कॉलोनी से मिले सीसीटीवी फुटेज में रोड पर घूमता दिखा

सिल्वर स्प्रिंग से पहले रानीबाग, लिम्बोदी में तेंदुआ दिख चुका है। एक बच्ची के पेट पर भी उसने पंजा मार दिया था। जिससे उसकी मौत हो गई थी। विभाग के द्वारा टाउनशिप में भी पिंजरा लगाया जाएगा ताकि तेंदुए को पकड़ा जा सके। क्योंकि तेंदुआ सीमेंट की सड़क पर चल रहा था इसलिए उसके पंजे के निशान नहीं मिल पाए हैं। पिछले 25 दिन से आईआईटी परिसर और आर्मी परिसर में भी तेंदुआ घूम रहा है लेकिन पकड़ में नहीं आया है। आईआईटी कैम्पस मे तो तीन तेंदुए घूम रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *