इंदौर में गुरुवार को बीजेपी प्रत्याशी शंकर लालवानी के नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट ऑफिस परिसर में मंत्री विजयवर्गीय को भीड़ का ऐसा धक्का लगा कि वे गिरते-गिरते बचे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। विजयवर्गीय के साथ हुए इस घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा है कि कैबिनेट मिनिस्टर के भला ऐसा सलूक कौन करता हैं, मुख्यमंत्री जी। यह भाजपा में गुटबाजी का नतीजा है।
दरअसल, गुरुवार को बीजेपी प्रत्याशी शंकर लालवानी की नामांकन रैली में शामिल होने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव इंदौर पहुंचे थे। रैली के बाद प्रत्याशी शंकर लालवानी ने नामांकन दाखिल किया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बाहर जाकर मीडिया से चर्चा ही कर रहे थे कि सीएम के सुरक्षा गार्ड ने भीड़ हटाने के लिए धक्का दिया। जिससे भीड़ का धक्का विजयवर्गीय को भी लग गया। धक्का लगने से विजयवर्गीय गिरते-गिरते बचे। विजयवर्गीय सीएम के साथ गाड़ी में बैठने जाने लगे, लेकिन गाड़ी पहले से ही भरी हुई थी। इसके बाद विजयवर्गीय ने अपनी खुद की गाड़ी बुलाई और दूसरे कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सीएम के पीछे रवाना हुए।

कांग्रेस नेता बोले- यह गुटबाजी का नतीजा
मंत्री विजयवर्गीय के साथ हुई इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस नेता राकेश सिंह ने तंज कसते हुए ट्वीट पर लिखा है कि ‘भला ऐसा सलूक कौन करता हैं, मुख्यमंत्री जी। इंदौर में मंत्री जी को सीएम के गार्ड धक्का मारते हुए निकले। सीएम ये देखकर मुस्कुराते हुए कार में बैठकर रवाना हो गए। मंत्री जी अपनी कार तलाश कर रवाना हुए। भाजपा में गुटबाजी का नतीजा। इंदौर में ऐसा सलूक स्वीकार नहीं हैं।’