इंदौर नगर निगम के असिस्टेंट इंजीनियर और लाइनमैन के साथ शनिवार सुबह मारपीट की गई। आरोपियों ने उन पर पिस्टल तानी और कपड़े भी फाड़ दिए। अफसर सहित कई कर्मचारियों ने थाने जाकर दो युवकों पर एफआईआर कराई है। फिलहाल, आरोपी फरार हैं।
निगम के नर्मदा प्रोजेक्ट के सहायक यंत्री पंकज दहायत और लाइनमैन कैलाशपुरी इलाके में निरीक्षण पर थे। उन्होंने यहां नर्मदा पाइप लाइन का प्रेशर चेक किया। पास ही बन रहे मकान पर पानी की तराई की जा रही थी। इसके छींटे अफसरों को लगे। इसको लेकर दोनों पक्षों में बहस हो गई। दो युवकों ने इंजीनियर और लाइनमैन पर हमला कर दिया। पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी दी।
खजराना थाना प्रभारी सुजित श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में फरियादी पंकज दहायत की शिकायत पर सरकारी काम में बाधा समेत मारपीट की धाराओं में आरोपी रितेश करोसिया और रितिक पर केस दर्ज किया है।
तराई रोकने को कहा तो हमला किया
फरियादी पंकज दहायत का कहना है कि निगम की टीम कैलाशपुरी में नर्मदा पाइप लाइन चेक करने गई थी। पास ही कुछ महिलाएं मकान की तराई का काम कर रही थीं। पानी के छींटे अफसर और लाइनमैन पर आ रहे थे। मना करने पर महिलाओं ने विवाद शुरू कर दिया। इसी बीच उनके परिवार के कुछ युवक मौके पर आ गए। उन्होंने मारपीट शुरू कर दी।
मैंने अपने लाइनमैन से वहां से चलने को कहा। कुछ दूर आए तो देखा कि मेरा मोबाइल नहीं था। लाइनमैन को मौके से माेबाइल उठाकर लाने को भेजा। जब वह गया तो आरोपी रितेश ने पिस्टल निकाल ली और जान से मारने की धमकी दी। बाइक को भी लात मारकर गिरा दिया।


