
ऑटोमोबाइल कारोबारी परिवार के साथ दुबई से लौट रहे थे
इंदौर। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर कल शाम दुबई से लौटे एक यात्री की हार्ट अटैक से मौत हो गई। एयरपोर्ट टर्मिनल के बाहर टैक्सी में सामान रखते हुए उन्हें अटैक आया। उन्हें तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक क्लर्क कॉलोनी में रहने वाले प्रवीण परवाल (60) अपनी पत्नी, बेटी, दामाद के साथ घूमने के लिए दुबई गए थे। उनकी दुबई से लखनऊ होते हुए इंदौर की फ्लाइट थी, लेकिन लखनऊ में कोहरे के कारण विमान को दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। कंपनी ने उन्हें दिल्ली से इंदौर की फ्लाइट दी। वे शाम 7 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर उतरे। सामान लेने के बाद परिवार सहित वे बाहर टैक्सी तक आए। सामान रखने के दौरान ही अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे बेहोश हो गए। यह देख परिजन घबरा गए। उन्हें तुरंत नजदीकी बांठिया हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। खुशी के साथ छुट्टियां मनाकर लौट रहा परिवार गम में डूब गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अगर एयरपोर्ट पर ही उन्हें तुरंत उपचार मिल जाता तो शायद उनकी जान बच जाती।