
इंदौर की बॉर्डर पीथमपुर और सागौर कुटी के बीच चल रहे सट्टे के सबसे बड़े अड्डे पर बुधवार रात डीआईजी ग्रामीण की टीम ने रेड डाली। यहां से एक कमरा भरकर सट्टा पर्चियां मिली हैं, इनमें 3 करोड़ से ज्यादा का हिसाब है। ये आंकड़ा और बढ़ सकता है। बताते हैं उक्त सट्टे का संचालन महू के कुख्यात सटोरिए दिनेश अग्रवाल द्वारा किया जा रहा था। इसके लिए एक बड़ा घर किराए पर ले रखा था। रोजाना खुलने वाला, मुंबई ओपन, कल्याण ओपन का सट्टा आरोपी महू से संचालित कर रहे थे।
डीआईजी निमिष अग्रवाल ने बताया, अमित प्रजापत के घर से शहर व आसपास के इलाकों में पर्चियों के सट्टे का संचालन किया जा रहा था। दिनेश अग्रवाल के साथ 14 लोगों को आरोपी बनाया है। इनके कब्जे से 40 मोबाइल, 15 केलकुलेटर, सट्टा पर्ची के बंडल मिले हैं। 20 हजार से ज्यादा नकदी आरोपियों की जेब से बरामद की गई।
बैंक खातों की जुटाई जानकारी
दिनेश अग्रवाल ने कई शहरों व गांवों में एजेंट बैठाकर मुंबई ओपन, कल्याण ओपन सट्टे का कारोबार फैला रखा है। मुंबई के नाम पर ये सट्टे का संचालन इसी मकान से इन साथियों के साथ करता था। मुंबई के बड़े सट्टेबाजों से इसका संपर्क है। इसके बैंक खातों की जानकारी जुटाई है, जिसमें करोड़ों का ट्रांजेक्शन है।
ये सटोरिए पकड़े गए
दिनेश अग्रवाल (61), संदीप कामले (39), किशोर सोनी (53), मोनू उर्फ अनुज (41), पंजाब राव (64), जानकीलाल टांक (55), योगेश कछवाह (55), संजय गोयल (54)। दूसरे केस में राजेश बिले (56), गणेश पुरी (45), भगवान खोड़े (51), नीतेश सोनी (45), आशीष उर्फ विशाल राठौर (30), राहुल गोमाशे (38) और हनुमान जाधव (51) महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया है