
इंदौर के बाणगंगा में पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। बताया जाता है कि झगड़े की सूचना पर पुलिस कर्मी यहां पहुंचे थे। आरोपी ने इस दौरान एक पुलिसकर्मी के सिर पर कांच की बोती मार दी। टीआई नीरज बिरथरे के मुताबिक पुलिसकर्मी आशीष दीक्षित निवासी बाणगंगा पुलिस लाइन की शिकायत पर राम शर्मा निवासी नंदबाग, संजय चौधरी उर्फ मॉडल और सुनीता के खिलाफ मारपीट करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
सिपाही आशीष अपने साथी पंकज तिवारी के साथ ड्यूटी पर था। इस दौरान उसे कंट्रोल रूम से नंदबाग में झगड़े की सूचना मिली । जब दोनों सिपाही वहां पहुंचे तो आरोपी उनसे विवाद करते हुए अपशब्द कहने लगे। इसके बाद आरोपियों ने सिपाहियों से झूमाझटकी की। जिसमें उनके वर्दी फट गई और बटन टूट गए।
सिपाहियों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो संजय चौधरी ने कांच की बोतल आशीष के सिर में मार दी। बाद में सभी को पकड़कर सिपाही आशीष और पंकज घायल अवस्था में थाने लेकर आए। सिपाही का मेडिकल कराया गया है। उनके सिर में गहरी चोट लगी है।