
बच्चे नए जमाने के हैं। बिना किसी जानकारी के दोनों ने घूमने जाने का तय कर लिया। पूरी गलती बच्चों की है। शादी के बाद डेढ़ माह तक घर नहीं छोड़ते। मैंने अपने घर से विदाई के लिए 5 जून का मुहूर्त निकलवाया था। मुझे तो 21 मई की सुबह पता चला जब बेटा गोविंद हाथ में बैग लेकर सोनम को घर से लेकर जा रहा था। पूछा तो पता चला कि बेटी-दामाद कामाख्या देवी जा रहे हैं। इंदौर, भोपाल होते हुए दिल्ली से फ्लाइट है।

यह कहना है इंदौर के राजा रघुवंशी के ससुर और सोनम के पिता देवीसिंह रघुवंशी का। देवीसिंह बाणगंगा के गोविंद कॉलोनी में रहते हैं। घटना के बाद से पहली बार वे कैमरे के सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि बेटी लापता है। अब तो कोई चमत्कार ही उसे बचा सकता है। उसके वापस आने की उम्मीद में ज्योतिषी से बात कर घर के बाहर बेटी की उल्टी तस्वीर भी लटकाई है।
बातचीत करते हुए उन्होंने दामाद और बेटी के हनीमून के दौरान अचानक गायब होने के मामले में पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से सीबीआई जांच की मांग की है।

कामाख्या देवी दर्शन के बाद कोई बच्चों के पीछे लग गया
देवीसिंह रघुवंशी ने कहा कि कामाख्या माता मंदिर से कोई बच्चों के पीछे लग गया। बेटी ने हाथ में ब्रेसलेट, गले में मंगलसूत्र और कान में बाली पहनी थी। उसके पास करीब 35 से 40 हजार नकद थे। दामाद राजा ने भी सोने की चेन और अंगूठी पहनी थी। इतने जेवर और रुपए देखने के बाद किसी की भी नीयत खराब हो सकती है।
बच्चों ने कामाख्या माता मंदिर के दर्शन किए। इसके बाद होटल में उन्हें एक व्यक्ति ने शिलांग जाने की बात कही। बस वहीं से उनके पीछे कोई लग गया। घटना के बाद से चाय की टपरी वाला भी गायब है, जिससे कॉफी को लेकर सोनम और राजा की कहासुनी हुई थी।

मेट्रोमोनियल साइट से हुआ था रिश्ता
सोनम के पिता ने बताया कि वह बेटी के लिए रिश्ता ढूंढ रहे थे। काफी रिश्ते देखे। एक दिन उन्होंने बेटे गोविंद से कहा कि वह सोनम के लिए लड़का देखने गुना जा रहे हैं। तब बेटे ने बताया कि मेट्रोमोनियल साइट पर एक लड़का देखा है। बातचीत की तो परिवार ठीक लगा। राजा से मिले तो लड़का अच्छा था। रिश्ता तय हुआ, पत्रिका मिली तो दोनों की कुंडली में एक ही घर में मंगल थे। ज्योतिषी ने कहा सब ठीक है।
हमारा दिवाली के बाद शादी करने का मन था, लेकिन राजा के पिता का कहना था कि इतने दिन रोकते नहीं है। इसलिए शादी की तारीख जल्द निकाल ली। शादी के तीन दिन बाद वह सोनम को अपने घर लेकर चले गए। हम सोनम और राजा को लेकर 16 मई को एक शादी में उज्जैन गए थे। यहीं दोनों की बाहर जाने की प्लानिंग हुई होगी। जाने के एक दिन पहले राजा ने घर पर बताया था।
इस दौरान राजा के परिवार ने जब ज्योतिषी से बात की थी तो उन्होंने खतरा बताया था। तब से ही मन विचलित सा हो रहा था। लेकिन फिर सोचा कि जितने लोगों के पास जाएंगे, उतनी बातें होंगी। इसलिए भगवान के भरोसे घर बैठे रहे। अब इतनी बड़ी घटना हो गई।
घर के बाहर लटकाई बेटी की उल्टी तस्वीर
सोनम के पिता देवीसिंह ने बताया कि सोनम की घर वापसी के लिए पंडित से पूछा। पंडित ने कहा कि उसकी एक तस्वीर घर के बाहर उल्टी लगा दो। वह आ जाएगी। इसी आस में तस्वीर लगा रखी है।

शिलांग में लोकल लोगों ने बेटे गोविंद को धमकाया
देवीसिंह ने कहा कि जब विपिन और गोविंद राजा-सोनम की तलाश कर रहे थे, तब कई बार स्थानीय लोगों ने उन्हें डराने की कोशिश की। बाद में गोविंद ने बिजनेस पार्टनर से बात की। उन्होंने 4 से 5 लड़के गुजरात से गोविंद की मदद के लिए भेजे। जो अभी भी उसी के साथ हैं। अभी भी शिलांग में सर्चिंग चल रही है। जहां राजा का शव मिला, वहां से कुछ दूर पहले ही रेस्क्यू टीम दो बार वापस आ चुकी थी। तीसरी बार में राजा तक टीम पहुंची।
पिता बोले- शिलांग पुलिस पर भरोसा नहीं
देवीसिंह ने कहा, दामाद राजा को तो खो दिया, लेकिन बेटी सोनम के आने की अभी भी उम्मीद है। मेघालय सरकार के साथ पीएम मोदी और अमित शाह से भी विनती है कि किसी भी तरह बेटी को सही सलामत घर पहुंचाए। उसके साथ जरूर कोई अनहोनी हुई है। इसलिए पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग भी कर रहे हैं। ताकि घटना की सही जानकारी सामने आ पाए। शिलांग पुलिस पर बिल्कुल भरोसा नहीं है। क्योंकि वहां और भी लोगों के साथ इस तरह की घटनाएं होती रही हैं।

प्रेम विवाह की बात की तो चिढ़ गई थी बेटी
देवीसिंह रघुवंशी ने बताया कि वह मूल रूप से गुना के पास के रहने वाले हैं। करीब 45 साल पहले इंदौर आ गए। सोनम का जन्म यहीं हुआ। बीकॉम तक पढ़ाई की। भाई के साथ विजयनगर में ऑफिस संभालने लगी। उसकी सहेली घर आती थी तब एक बार सोनम से उसके सामने पूछा कि कोई लड़का पंसद हो तो बता देना। तब सोनम ने पीछे रहने वाले परिचित नवीन से कहा कि अंकल पापा को बोल देना कि इस तरह की बात न करे। वह जहां कहेंगे वहीं शादी करेगी।

स्कूटर की आवाज सुनते ही दौड़कर आता था भतीजा
बात करते हुए सोनम के पिता की आंखें भर आईं। उन्होंने बताया, गोविंद का आठ साल का बेटा शाम को सोनम के स्कूटर की आवाज सुनकर बुआ-बुआ करते हुए नीचे दौड़कर आ जाता था। सोनम उसके लिए चॉकलेट लेकर आती। उसे घूमाने ले जाती। दो बार वह सोनम के ससुराल भी गया। पोते ने सोनम से कहा था कि बुआ मैं आपके पास ही रहूंगा और वहीं से स्कूल जाऊंगा। अब वह किसे बुआ कहेगा।
सोनम के ससुराल के लोग काफी अच्छे हैं। राजा के पिता अशोक ने गोविंद से कहा था कि अब उनके चार बेटे हो गए हैं।
मामले में अब तक क्या हुआ

24 मई से बंद हुए थे मोबाइल
राजा और सोनम रघुवंशी की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी। वे 20 मई को हनीमून के लिए रवाना हुए थे। राजा इंदौर में ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करता था। दंपती इंदौर से बेंगलुरु होते हुए गुवाहाटी पहुंचे, जहां मां कामाख्या के दर्शन करने के बाद 23 मई को मेघालय के शिलांग रवाना हुए। शुरुआत में परिवार की दोनों से बात होती रही, फिर संपर्क टूट गया।
राजा के बड़े भाई सचिन रघुवंशी को पहले लगा कि नेटवर्क का इश्यू होगा, लेकिन 24 मई से दोनों के मोबाइल बंद हो गए तो चिंता होने लगी। कई प्रयासों के बाद जब कोई संपर्क नहीं हो सका तो सोनम के भाई गोविंद और राजा के भाई विपिन इमरजेंसी फ्लाइट से शिलांग पहुंचे। इसके बाद वे सर्चिंग टीम के साथ जुड़े।
इंदौर के साकार नगर में रहने वाले राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम का एक CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें दोनों शिलॉन्ग के एक होटल के रिसेप्शन पर नजर आ रहे हैं। उन्होंने 22 मई की शाम को होटल से चेकआउट किया। यहां से सिसौरा के होटल पहुंचे। लगेज रखकर दंपती माउलाकया गांव की ओर चले गए।
इधर, परिजन ने सोनम को अगवा कर बांग्लादेश ले जाने की आशंका जताई है। राजा के मर्डर की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है,
सोनम की तलाश में खून से सना जैकेट मिला राजा की हत्या का पता लगाने और सोनम को ढूंढने के लिए पुलिस की तलाश जारी है। पुलिस सोहरारिम के पास स्थित मॉकमा गांव के खड़ी और जंगली इलाकों में सोनम रघुवंशी की तलाश कर रही है।
सोहरा सिविल सब-डिवीजन के एसडीपीओ बाह पिनहुन सिएम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, एसआरटी, एफईएस, विशेष जांच दल (एसआईटी) के साथ सर्चिंग की। पुलिस ने बुधवार की सुबह एक जैकेट बरामद की है।
हालांकि अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि जैकेट सोनम की है या नहीं। राजा के परिवार ने भी कहा है कि जो जैकेट मिली है वो सोनम की नहीं है।
राजा के भाई विपिन ने राजा की अपहरण के बाद हत्या की आशंका जताई है। इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की है। वहीं राजा की पत्नी सोनम के अभी तक नहीं मिलने को लेकर विपिन ने भी कहा कि बांग्लादेश की बॉर्डर भी उस इलाके से लगी हुई है। विपिन ने बताया- ऐसा सुना है कि यहां जो नए कपल घूमने आते हैं, उनमें से लड़कियों को उठाकर ले जाते हैं।