मप्र में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए इंदौर में विधानसभा 5 की सीट को लेकर बीजेपी में अंदरूनी खींचतान शुरू हो गई है। बीजेपी के इस सीट से दावेदार नेताओं ने मंगलवार को देर रात होटल में मीटिंग पर वर्तमान विधायक व भाजपा नेता महेंद्र हार्डियों के खिलाफ बिगुल फुंक दिया है। बता दें कि इस सीट पर साल 2003 से महेंद्र हार्डिया विधायक है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस सीट से बीजेपी के दावेदार नेताओं ने होटल में गुपचुप तरीके से बैठक कर इस बात पर सहमत जताई है कि अबकी बार चुनाव में नया चेहरा आना चाहिए। बताया जा रहा है कि बैठक में एक नेता ने यह कहा कि जितने नेता बैठक में आए है उनमें से एक नाम टिकट के लिए तय कर संगठन को बता देते हैं। लेकिन बैठक में खुलकर तो हार्डिया को लेकर कोई विरोध में नहीं आया पर सभी इस बात पर सहमत थे कि नया चेहरा होना चाहिए। बताया जा रहा है कि इंदौर के पांच नंबर विधानसभा क्षेत्र के 35 से ज्यादा नेता इसमें शामिल हुए।

पहले तगड़ी लीड से जीतते थे लेकिन अब लीड कम हुई
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बैठक में पार्षद दिलीप शर्मा और मुकेश सिंह राजावत ने कहा कि पहले बीजेपी तगड़ी लीड से चुनाव जीतती थी। पिछली बार लीड कम हुई। हम संगठन के सिपाही है। बहुत कम समय बचा है, हमें इस बार ज्यादा मेहनत करना होगा। पार्टी मजबूत रहेगी, तभी हमारा वजूद रहेगा। वहीं बैठक में पूर्व पार्षद दिलीप शर्मा का दर्द भी उभरा। उन्होंने कहा कि मैं महापौर परिषद सदस्य था, लोगों के बहुत काम किए, लेकिन पार्षद चुनाव में मेरा टिकट ही काट दिया, जबकि मैं फिर चुनाव जीत सकता था।
