
हत्या के तीसरे दिन पिता के एटीएम से पैसे निकाले थे
आईडीए मल्टी में रहने वाले रिटायर्ड बैंक मैनेजर केके धामंदे और उनकी बेटी रमा अरोरा की हत्या करने वाला आरोपी बेटा अभी भी शहर में घूम रहा है। इसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। उसने हत्या के तीसरे दिन अग्रवाल नगर में एटीएम से रुपए निकाले। वह बुधवार को मां की हत्या करने भी गया था, लेकिन मां ने दरवाजा नहीं खोला तो वह लौट गया।
संयोगितागंज पुलिस के अनुसार आरोपी पुलिन धामंदे की तलाश में अब तक 65 से ज्यादा लाल टू व्हीलर खंगाली जा चुकी हैं। तकनीकी जांच में पता चला कि उसने हत्या के तीसरे दिन बुधवार को अग्रवाल नगर में एक एटीएम से पहले 10 और फिर 5 हजार रुपए निकाले। इस दौरान वह सिलिकॉन सिटी में मां के फ्लैट पर गया था। मां को उसकी हरकतें पता थीं, इसलिए उन्होंने दरवाजा नहीं खोला, वरना उनकी भी हत्या हो जाती। आरोपी के जाने के कुछ घंटे बाद बुजुर्ग और उनकी बेटी की हत्या की जानकारी सामने आई थी।
दवाई नहीं खाने से हुआ हाईपर
रिश्तेदारों ने बताया कि वह 15 दिन से गोलियां नहीं खा रहा था। जब भी पिता उसे गोली देते तो वह चोरी छिपे गोली पिता के भोजन में मिलाकर उन्हें दे देता था। वह जब भी दवाई नहीं खाता तो हाईपर हो जाता था। उसे अस्पताल में भर्ती करवाने की तैयारी की जा रही थी।