
इंदौर में एक साल पहले फाइनेंस कंपनी डायरेक्टर प्रशांत कृष्ण गोपाल अग्रवाल (मुंबई) के सुसाइड केस में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने अचानक मुंबई से एक आरोपी आतीश कंपानी को हिरासत में लिया है। उसे गुपचुप तरीके से इंदौर लाया गया। मामले में आतीश के अलावा मुंबई के नीरज सेठ को आरोपी बनाया है, जो अभी फरार है।
खुदकुशी से जुड़े मामले की कहानी को पुलिस ने एक साल तक छिपाए रखा जबकि डायरेक्टर ने 15 पन्नों का सुसाइड नोट लिखा था। इसमें लेनदेन को लेकर कई नामों का जिक्र है। उसने पत्नी को लिखा- तुम्हें सिर्फ सॉरी कह पाऊंगा, LOVE UT
सूत्रों के अनुसार परिवार की वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत के बाद एक साल बाद यह ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई है। दैनिक भास्कर के पास 15 पेज का सुसाइड नोट है, जिसमें डायरेक्टर ने कई खुलासे किए हैं।
विजिट के लिए इंदौर आए थे प्रशांत अग्रवाल
प्रशांत अग्रवाल UBFC फाइनेंस कंपनी मुंबई के डायरेक्टर थे। वे रहेजा ओडेसी, वर्ली-एच, मुंबई में रहते थे। प्रशांत ने पिछले साल 4 नवंबर 2022 को सी-21 मॉल के सामने जहर खा लिया था। निजी अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी। पुलिस को पता चला कि प्रशांत की कंपनी मुंबई के अलावा राजस्थान के कई शहरों में भी संचालित है। कंपनी विजिट के लिए ही वे इंदौर आए थे और अचानक जान दे दी।
सुसाइड नोट में क्या कुछ लिखकर गए थे प्रशांत, पढ़िए सभी पेजों का डिटेल डायरी में जिस क्रम में नोट लिखा गया है, उसे उसी तरह से पेश कर रहे हैं। लिखने के तरीके से लग रहा है कि कुछ अंश अलग-अलग दिन में लिखे गए हैं।
पेज-1
आज बहुत कोशिशों के बावजूद हार गया हूं। सबसे पहले मैं अपने परिवार से क्षमा प्रार्थी हूं ,ना जाने उन्हें किस हालत में छोड़कर जा रहा हूं। आज मैं जो कदम उठाने जा रहा हूं, उसका कारण जितना हो सकता है आज मैं यहां लिखने की कोशिश कर रहा हूं। इसके पीछे जो लोग जिम्मेदार हैं वो मयूर मोदी, दीपक अग्रवाल, गोविंद गुप्ता, आरीश कंपानी और नीरज सेठ हैं।
पेज -2
मयूर मोदी- आपने बदले की भावना से जाने कितनी लोगों को गलत बातें बोली, यूडीएफसी के बोर्ड को, पार्टनर को झूठे मेल लिखे। आपने अपने ईगो के लिए बस ठान लिया कि पार्टनर को खत्म करना है। मेरे बच्चों को अपने ईगो में मत लाना।
गोविंद गुप्ता आपसे क्या कहें, आपने 16 जून 2021 को कहा सारा हिसाब करते हैं। फिर अगस्त 2021 में आपने लास्ट फोन रिसीव किया। तब कहा एक-दो वीक में क्लियर करते हैं। फिर आपने फोन उठाना बंद कर दिया। लास्ट आपने सागर की शादी के लिए मां के फोन पर कॉल किया। यह कहकर कि प्रशांत का फोन लग नही रहा है। 2010-11 से आपको हमेशा फंड दिया। आपने तो सब खत्म कर दिया।
पेज-3
सबसे पहले मयूर, दीपक और गोविंद के बारे में- इनसे मेरा और परिवार का रिश्ता 20 साल पुराना है। गोविंद को जब भी पैसे की जरूरत पड़ी, मैंने और परिवार ने दिया और जब मांगा तो आज-कल करते रहे। 2018 हमें बोला कि 20-21 में चाहे जितने का भी आए वह साउथ दिल्ली में फ्लैट दिला देंगे। लेकिन नहीं दिलाया। मयूर मोदी के बारे में क्या कहा जाए जब जब इन्हें – जरूरत पड़ी। तब मैंने इसका फाइनेंशियल हेल्प किया। साल 12 या 13 याद नहीं हैं। इन्हें प्ले स्कूल खोलने के लिए 10 लाख रुपए दिए। उसने यह पैसा 2017 में दिया। एक बार 5 लाख दोस्त को दिलाया, वही 5 लाख एडजस्ट किया।
पेज-4
दीपक अग्रवाल- हमेशा बोलता था ना तू तेरे में हिम्मत है। लोगों पर विश्वास करके पैसा देने की। तेरे एक कॉल पर भाई ने 25 लाख दिए थे ना, तूने अपने स्वार्थ के लिए क्या नहीं किया बोल नहीं सकता। आरीश कंपानी- भाई आपने तो पूरा पलटने का काम किया। घर बेचकर पूरा पैसा ब्याज के साथ देने वाले थे ना आप, अपने बड़े भाई निमेष कंपानी से लेकर देने वाले थे। शरद जैन ने सही बोला था कि आप समय पर नहीं चुका पाओगे।
नीरज सेठ- आप स्वयं जानते हो कि आप कितने सावधान थे।राजीव गोयल- आपने छह माह पहले कॉल करके क्या बोला बैठते हैं हिसाब करते हैं। गोविंद का भी दिसंबर 2021 में क्या एडजेस्टमेंट किया। देख लो बहुत बुरा होगा, इससे बुरा क्या होगा।
पेज-5
फिर 2018 में हमने शगुन गोयल, राजीव गोयल, गोविंद गुप्ता, अतुल गर्ग, मयूर मोदी, दीपक अग्रवाल ने फाइनेंस कंपनी शुरू की। जिसमें मैंने मयूर को 2 करोड़ 20 लाख रुपए अलग-अलग किश्त में उधार दिया। जिसे मयूर 2019 में वापस करने वाला था। जिसका 1 प्रतिशत ब्याज भी देना था। दीपक अग्रवाल को 2015 में उसके भाई वैभव अग्रवाल (फेब होटल) को 25 लाख दिया। वह भी 2020 में बड़ी मशक्कत के बाद दिया। अप्रैल 2020 में मैंने रुपया मांगना शुरू किया। अंत में सिच्युएशन ऐसी हो गई। मैंने मांगना बंद कर दिया । मयूर ने 16 जनवरी 2021 को अपने और अपनी वाइफ ज्योति मोदी के नाम से पीडीसी दिया । जो 31 मई 2021 का था।
पेज-6
पूजा (पत्नी) – I CAN ONLY SAY SORRY I LOVE YOU
पीहू (बेटी)- बेटा मजबूत बनो, तुम मेरी आखिरी इच्छा पूरी करोगे । टेक केयर वेदू, मां, दादू विकास दत्त सर- आपको पूरी कहानी पता है कृपया कर बेटे वेदू का ख्याल रखना। विकास माधोगरिया और गौरव ढाकोनिया कठिन समय में आप दोनों मेरा सहारा रहे । आपसे अनुरोध है कि यूबीएफसीबी ड्रीम को आगे बढ़ाएं। गौरव मैं केवल कह सकता हूं।
पेज-7
वो सारे चेक बाउंस हो गए हैं। चेक जमा करने के पहले मैंने गोविंद को काफी कॉल किए। लेकिन जवाब नहीं दिया। सेटलमेंट प्रोसेस के हिसाब से मनी बॉक्स वालों को मेरे द्वारा लाए गए शेयर को अप्रैल 2021 में खरीदना था। एक निर्धारित रेट पर । लेकिन वह इससे भी डिफॉल्ट कर गए। कुछ तो निर्धारित रेट से कम पर पैसे की जरूरत के चलते बेच दिए। अब बाकी के लोग मुझसे प्रॉफिट मांगते हैं।
पेज-8
जेपी और आलोक अग्रवाल सर आप लोगों का धन्यवाद। आपको जिम्मेदारी दे रहा हूं मेरे बच्चों की। उनकी पढ़ाई की, भविष्य की। विकास सर, गौरव सभी से निवेदन है कि जो भी मेरे पेमेंट हैं उससे सभी की जिंदगी का ख्याल रखना। मेरे बच्चे को अच्छी पढ़ाई कराना। पालीवार सर आपको धन्यवाद करने के लिए मेरे -पास शब्द नहीं है। मार्गदर्शन के लिए हमेशा मेरी ईमानदारी का सम्मान किया। नरेन्द्र सर- आप एक अनमोल इंसान हैं। समीर सर मैं गलत नहीं था, आपको धन्यवाद । –
पेज-9
3 अप्रैल 2022 को राजीव गोयल ने कॉल किया कि हिसाब करते हैं। अगस्त 2020 को गोविंद, दीपक और राजीव ने 29 लाख का एडजस्टमेंट किया था। इसके बाद मयूर को अक्टूबर 2019 में पांच लाख दिए। उसने ढाई लाख वापस किए। बाकी का हिसाब नहीं। इसके अलावा मंहगी घड़ी, पर्स, मोबाइल दुबई ट्रिप ना जाने क्या-क्या किया। लेकिन उसका हिसाब ही नहीं ।
पेज-10
टीनू भाई आई लव यू। मां-पापा माफ कर दो, हार गया। राधे श्याम फूफाजी आपसे सॉरी,आपने एक पिता की तरह मेरा साथ दिया। आपके लिए शब्द नहीं हैं। सुमित जैन, तुषार सेठी, रोशन प्रकाश याद रखना दुख में आप लोग जान हो मेरी। रोशन (हमारा कुक) सबका ध्यान रखना। अपने बच्चे को खूब पढ़ाना।
पेज-11
मयूर ने उन पैसों का हिसाब पंडित जी से किया। मयूर ने 50 लाख उधार लिया था पंडित जी से 2018-19 में। आरीश कंपानी ने अपनी बेटी और अन्य लोगों को पेमेंट करने के लिए 5 करोड़ 26 लाख लिए थे। जिसमें अक्टूबर-नवंबर, जनवरी- फरवरी में बस 1 करोड़ 6 लाख रुपए वापस किए | 5 करोड़ नहीं दिए। मुंबई के पुलिस स्टेशन में सब डिटेल है।
पेज-12
अभिजीत रे भरोसे के लिए धन्यवाद मेरा पहला पार्टनर बनने के लिए। प्रतीक गर्ग बॉस धन्यवाद आप यूबीएफसी को अपने बच्चे की तरह रखना। संजन गोयल सर एक रिक्वेस्ट है वो जो रोलेक्स की घड़ी आपको दी थी। फीस के बदले हो सके तो पूजा को वापस कर देना वो घड़ी उसके दिल के करीब है। विक्रम जेटली सर धन्यवाद प्रोत्साहित करने के लिए।
पेज -13
जून 2022 में आरीश भाई ने बोला मकान बेचकर देंगे। लेकिन क्या ही कहें आज तक परेशान कर रहे हैं। 17 अगस्त 2022 को अपनी वाइफ और मम्मी के साथ आरीश भाई के पास गया। तो वह आश्वासन देते रहे। फिर कहा मकान हमें दे दो तो उनके बच्चों ने वाइफ के साथ मिस बिहेव किया। पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने सारी बातों को समझा और आरीश को पुलिस स्टेशन ले गए।
पेज-14
अविनाश त्रिवेदी एक इंसान के तौर में आपका बहुत सम्मान करता हूं। मतभेद हो सकते हैं,अपना मत बनाओ, लेकिन व्यावहारिक तो रहो । विपिन सोनी आपसे बहुत उम्मीद है। रॉकी यार आप तो यारों के यार हो यूबीएफसी को आगे बढ़ाना। अजय भट्ट इस कदम के लिए मुझे खेद है आप यूबीएफसी को आगे बढ़ाओ। शरीश, शिवानी, निधि आप कभी यूबीएफसी का साथ मत छोड़ना। अतुल धुर्वे सेम फॉर यू ।
पेज -15
पालीवाल सर, रत्ना मेम आप लोगों को सारी सच्चाई पता है। विकास आपसे अनुरोध है कि आप यूबीएफसी के सपने को आगे बढ़ाएं। जेपी भैया, विकास दत्त, निशांत बच्चों का ध्यान रखना। मेरे बच्चों को बहुत पढ़ाना-लिखाना। आई लव यू।
एडिशनल डीसीपी बोले- और आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह का कहना है कि प्रशांत अग्रवाल मामले में एक दिन पहले आतीश कंपानी की गिरफ्तारी हुई है। आज उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। केस पूर्व में दर्ज हो चुका है। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी शेष है। इधर, मामला एक साल तक क्यों अटका रहा, इस पर पुलिस अभी कुछ नहीं कह रही है।