
चौराहे पर युवक एसआई की कॉलर पकड़कर खींचता रहा। इससे वर्दी फट गई।
इंदौर में मंगलवार सुबह एक युवक ने ट्रैफिक एसआई को बीच चौराहे पर पीट दिया। कॉलर पकड़कर घसीटा और वर्दी भी फाड़ दी। यहां मौजूद एक राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। घटना नगर निगम चौराहे पर सुबह करीब 11.30 बजे की है। एमजी रोड पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है।
एडिशनल डीसीपी रामस्नेही मिश्रा ने बताया, आज सुबह नगर निगम चौराहे पर एसआई नाथूराम दौहरे (62) ट्रैफिक संभाल रहे थे। उनके साथ दो आरक्षक आशीष और अतुल भी तैनात थे। आरोपी रवि कश्यप का ई-रिक्शा चालक से विवाद हुआ था। दोनों को झगड़ते देख चौराहे पर जाम लगने लगा। एसआई दौहरे युवकों को शांत कराने पहुंचे।
रवि नशे में था। उसने एसआई की वर्दी की कॉलर पकड़ ली। दूसरा युवक एसआई को बचाने लगा। लेकिन रवि ने एसआई को नहीं छोड़ा। उसने एसआई को जमीन पर पटक दिया। झूमाझटकी में एसआई का मोबाइल और वॉकी-टॉकी गिर गया। वर्दी फट गई और बटन भी टूट गए।

विवाद कर रहे युवकों को एसआई शांत कराने पहुंचे थे। एक युवक ने उनसे मारपीट कर दी।
दो आरक्षक एसआई को बचा नहीं पाए
जब रवि एसआई की कॉलर पकड़कर घसीट रहा था, तब दोनों आरक्षक अतुल और आशीष ने बीच-बचाव किया, लेकिन एसआई को छुड़ा नहीं पाए। रवि ने एसआई को जमीन पर पटक दिया। दूसरा युवक रवि को एसआई से दूर ले गया। वहां मौजूद राहगीर पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते रहे। इसके बाद एसआई ने एमजी रोड थाने में रवि के खिलाफ शिकायत की। एसआई दौहरे इसी साल रिटायर होने वाले हैं।
झूमाझटकी में एसआई की वर्दी फट गई। बटन टूट गए और पर्स गिर गया था।
आदतन बदमाश है आरोपी रवि
पुलिस के मुताबिक, रवि पहले भी कुछ कई मामलों में शामिल रहा है। भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए रवि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेंगे। जनता के साथ पुलिसकर्मियों की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।