
इंदौर में खजराना स्थित रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी की एक मल्टी में एक बदमाश रॉड लेकर घुस गया। पहले एक ब्लॉक के एक घर का दरवाजा तोड़ा फिर दूसरे ब्लॉक में घुसा।
यहां चोरी के दौरान महिला जाग गई तो बदमाश ने रॉड से उसका सिर फोड़ दिया। तभी महिला का बेटा घर आया तो चोर ने उस पर भी हमला कर दिया।
बेटे ने संघर्ष किया तो बदमाश भाग गया, लेकिन उसका मोबाइल वहीं गिर गया। उसी आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने मनीष मल्होत्रा की शिकायत पर चोरी व हमले का केस दर्ज किया है।
मनीष ने बताया वे बिजनेस एनालिसिस का काम करते हैं। मैं लेट आने वाला था, इसलिए मां रेखा ने दरवाजा अटका रखा था। शुक्रवार रात 2.30 बजे इसी का फायदा उठाकर बदमाश घुसा और चोरी करने लगा। मां की नींद खुली तो उन्होंने शोर मचाया। बदमाश ने उन पर हमला बोल दिया, तभी मैंने प्रवेश किया तो चोर छिप गया। उसने पीछे से मुझे रॉड मारी, मैंने रॉड पकड़ ली। हम दोनों में हाथापाई हुई। मैं चोर पर भारी पड़ने लगा तो वह धक्का- मुक्की कर भाग निकला, लेकिन उसका मोबाइल वहीं नीचे गिर गया।
बेटे के लिए मां ने खुला छोड़ा था गेट
ए-ब्लॉक में कुछ नहीं मिला उसे मनीष ने पुलिस को बताया कि चोर के भागने के बाद मैं अंदर गया तो मां रेखा के सिर से खून बह रहा था। लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले गए, इसलिए शनिवार सुबह थाने पहुंचे। आरोपी का मोबाइल पुलिस को सौंप दिया। हमने घटनास्थल के फुटेज देखे तो पता चला बदमाश ने पहले ए-ब्लॉक में एक घर का दरवाजा तोड़ा। शायद उसे वहां कुछ कुछ नहीं मिला तो वह बी-ब्लॉक में घुसा। उधर, पुलिस ने मोबाइल के आधार पर आरोपी को पकड़ लिया है।