
इंदौर के धार रोड पर चड्डी-बनियान गैंग ने एक दिन पहले एक साथ आधा दर्जन स्थानों को निशाना बनाया है। बदमाश सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए हैं। बदमाशों ने फाउंडेशन और हाई लिंक सिटी सहित कई इलाकों में वारदात को अंजाम दिया। शुरुआत में पुलिस इस तरह की वारदात से इनकार करती रही लेकिन इलाके के सीसीटीवी में चड्डी-बनियान गैंग का मूवमेंट मिलने के बाद पुलिस ने चोरी का केस दर्ज किया।
टीआई सुनील शर्मा के मुताबिक राहुल कुमार जेना, निवासी प्रेरणा सदन की शिकायत पर 8 से 10 व्यक्तियों के खिलाफ चार सोने की ईयर रिंग चोरी करके ले जाने का केस दर्ज किया है। यहां घुसे बदमाशों ने सभी कमरों की तलाशी ली और उसके बाद चोरी कर फरार हो गए।


गार्ड को बनाया बंधक, फिर की वारदात
बदमाशों ने यहां घुसकर पहले सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाया। गार्ड को कुर्सी पर बैठाकर उसे धमकाकर पूछताछ करते रहे। इसके बाद गार्ड को उठाकर बारी-बारी करीब चार कमरों में ले गए।बदमाशों के अंदर घुसने और गार्ड को बंधक बनाने के फुटेज भी सामने आए हैं। दरवाजे की आवाज आने के चलते फाउंडेशन में सो रहे लोगो की नींद खुली। इसके बाद बदमाश यहां से फरार हो गए। सभी बदमाश चड्डी-बनियान में थे।
हाई लिंक सिटी में घुसे, फर्श पर मिला खून
बदमाश यहां से भागते हुए हाई लिंक सिटी में घुसे। यहां प्लाईवुड व्यापारी भरत बैरागी के घर को निशाना बनाया। भरत उस समय घर पर मौजूद नहीं थे। बदमाश अंदर के तीन ताले तोड़कर करीब 1 लाख रुपए के जेवर और कैश लेकर फरार हो गए। बारिश के कारण पड़ोस में रहने वाले सिलाई कर्मचारी और नगर निगम के बाबू को बदमाशों के भरत के घर में घुसने की आवाज सुनाई नहीं दी। ताले चटकाने के दौरान एक डकैत को चोट भी आई। यहां फर्श पर खून भी मिला है।
टाइल्स फैक्ट्री में घुसे
इसके बाद बदमाश हाई लिंक सिटी में ही एक टाइल्स फैक्ट्री में घुसे। यहां भी बदमाशों ने लॉकर और अन्य सामान खंगाला। बदमाश यहां से कुछ कैश लेकर फरार हुए हैं। इसके साथ ही हाई लिंक सिटी के पीछे भी एक घर को भी बदमाशों ने निशाना बनाया है।

12 घंटे बाद पहुंची पुलिस
जहां वारदात हुई वह इलाका थाने से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर है। रात में प्रेरणा सदन में वारदात होने के बाद गार्ड ने यहां के फादर और अन्य लोगों को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक अगले दिन 2 बजे तक उन्हें जानकारी नहीं मिली। लेकिन बाद में पुलिस से संपर्क किया तो वहां फोरेंसिक की टीम और अन्य लोग सीसीटीवी फुटेज चेक करने पहुंचे थे।