
अभय राठौर।
ट्रेंचिंग ग्राउंड में बायोरेमिडेशन के नाम पर 4 करोड़ 69 लाख का एक और घोटाला उजागर हुआ है। ठेकेदार मौसम व्यास से पूछताछ के बाद यह खुलासा हुआ है। इस घोटाले से जुड़ी 4 नई फाइलें सामने आई हैं। ये फाइलें भी घोटाले के मुख्य आरोपी अभय राठौर के साथ गिरोह में शामिल ठेकेदार (ग्रीन कंस्ट्रक्शन) मोहम्मद सिद्दीकी, जाह्नवी इंटर प्राइजेस फर्म के राहुल वडेरा और ठेकेदार जाकिर खान द्वारा किया जाना पता चला है। टीआई विजय सिंह सिसौदिया ने बताया ट्रेंचिंग ग्राउंड में राठौर के पदस्थ रहने के दौरान 2019 के दौरान यह घोटाला हुआ है।
बिना बिल बनाने के मामले में इंजीनियर से जवाब-तलब
उधर, वार्ड 79 में बगीचे का काम बिल जमा करवाने के 4 माह बाद शुरू करवाने पर उद्यान शाखा ने जोन के सब इंजीनियर से जवाब तलब किया है। इस गार्डन का काम मेसर्स सरकार अर्थमूवर्स को दिया था। काम पूरा होने के पहले ही ऑडिट शाखा ने बिल पास कर दिए और भुगतान के लिए लेखा शाखा तक पहुंच गया।
विपक्षी पार्षद आज सौंपेंगे ज्ञापन–
वार्ड 79 में काम पूरा किए बिना 1 करोड़ 47 लाख रुपए का बिल लगाने के मामले में सोमवार को विपक्षी पार्षदों द्वारा निगमायुक्त को शाम 4 बजे ज्ञापन सौंपा जाएगा।