इंदौर। करीब एक साल पहले हुए बावड़ी हादसे में कोर्ट की फटकार के बाद दो आरोपी गिरफ्तार, 36 लोगों की गई थी जान

जूनी इंदौर क्षेत्र के बेलेश्वर महादेव मंदिर में करीब एक साल पहले हुए बावड़ी हादसे में पुलिस ने दो आरोपी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सेवाराम गलानी और सचिव मुरली सबनानी को गिरफ्तार किया है। 36 मौतों के जिम्मेदार इन दोनों आरोपियों से पुलिस ने न तो पूछताछ की ना इनका रिमांड लिया। सिर्फ दिखावटी कार्रवाई करते हुए हाईकोर्ट की अवमानना से बचने के लिए इनकी घर से गिरफ्तारी ले ली। 11 महीने 22 दिन से आरोपी इंदौर में ही थे लेकिन पुलिस इन तक नहीं पहुंच सकी थी।

शुक्रवार को डीसीपी जोन-4 ऋषिकेश मीना ने प्रेस कांफ्रेंस लेकर 36 लोगों की मौत के जिम्मेदार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात तो कही लेकिन वे उनका नाम तक जाहिर नहीं कर सके। यही नहीं दोनों का न तो पुलिस रिमांड मांगा ना ही उनसे हादसे में हुई लापरवाही पर सवाल-जवाब किए गए।

उल्टा मीडिया को बताया कि आरोपी पुलिस को कानूनी कार्रवाई में पूरी मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम इस केस में नए हैं पूर्व के अधिकारियों ने जो भी जांचें की हैं उनके बिंदुओं को देखने के बाद, केस में आई मजिस्ट्रियल रिपोर्ट को भी जांच में शामिल कर नए सिरे से पड़ताल कर रहे हैं। आरोपियों का रिमांड इसलिए नहीं लिया क्योंकि उनसे कोई जब्ती नहीं होना है। बावड़ी हादसे के मामले में सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने पुलिस को फटकार लगाई थी। 11 जुलाई को मजिस्ट्रियल जांच होने के बाद भी पुलिस 19 जनवरी तक रिपोर्ट पेश नहीं कर सकी थी।

कोर्ट ने सेवाराम गलानी और मुरली सबनानी (पीछे) को जेल भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *