इंदौर। हुरुन इंडिया परोपकार सूची में 31 वें नंबर पर विनोद अग्रवाल, एक साल में किया इतने करोड़ रूपए का दान

देश के सबसे बड़े दानदाताओं से जुड़ी एडलगिव हुरुन इंडिया परोपकार सूची 2023 गुरुवार को जारी हुई। इसमें इंदौर के कोल कारोबारी विनोद अग्रवाल एक साल में 34 करोड़ रुपए दान कर 31वें स्थान पर हैं। पिछले साल 30 करोड़ रुपए दान कर अग्रवाल 34वें स्थान पर थे। इससे पहले 2021 में उन्होंने 11 करोड़ रुपए का दान कर 66वां स्थान हासिल किया था।

पिछले महीने घोषित अमीरों की सूची में 6700 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ उन्हें 300वां स्थान मिला और मप्र में पहले स्थान पर थे। सबसे अधिक आयकर देने के मामले में भी अग्रवाल प्रदेश में शीर्ष पर हैं। एक साल में 5 करोड़ रुपए या इससे अधिक दान करने वाले लोगों की सूची में इस बार देश में 119 लोगों को शामिल किया गया है। अग्रवाल इंदौर के अलावा मप्र से एकमात्र कारोबारी हैं।

शिक्षा, स्वास्थ्य व धर्मस्थल के लिए बड़ा दान किया

अग्रवाल ने शिक्षा, स्वास्थ्य, धार्मिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधा बढ़ाने के लिए बड़ा दान किया है। अग्रवाल के ट्रस्ट से उज्जैन के महाकाल मंदिर में अन्नक्षेत्र, मेडिकल सेंटर, ब्लड बैंक और डायग्नोस्टिक सेंटर के अलावा सालासर धाम में गौ चिकित्सालय और सेवा सदन बनवाया जा रहा है। पाकिस्तान के बंटवारे के बाद तीन साल की उम्र में वे इंदौर आए थे। 15 साल की उम्र में काम शुरू किया और इंदौर में 500 वर्गफीट के मकान में आठ भाई-बहन माता-पिता के साथ रहते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *