इंदौर। बिजली बिल को लेकर हुआ विवाद, मारपीट के बाद महिला की मौत

इंदौर के बाणगंगा में आपसी विवाद और मारपीट के बाद महिला की मौत हो गई। उसके पति ने पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना तीन दिन पहले 31 दिसंबर की है। पति अपनी घायल पत्नी को लेकर अस्पताल पहुंचा। पुलिस ने थाने से अस्पताल ले जाने की बात की। यहां मंगलवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

बाणगंगा पुलिस के मुताबिक मृतका का नाम कांता बाई पति चुन्नीलाल अहिरवार निवासी रस्सी मैदान है। कांता बाई को 31 दिसंबर के दिन उपचार के लिये एमवाय ले गए। यहां तीन दिन तक महिला का उपचार चला। पति चुन्नीलाल ने मामले में पड़ोसी विनोद, गीताबाई, वंदना और हरी प्रसाद पर मारपीट का आरोप लगाया है।

बिजली के बिल को लेकर हुई मारपीट

पति चुन्नीलाल का कहना है कि 31 दिसंबर को मैं और बेटा घर पर नहीं थे। तब पड़ोसी घर में घुसे ओर पत्नी से बुरी तरह मारपीट करने लगे। मुझे जानकारी लगी तो मैं तत्काल घर पर पहुंचा। और वहां से घायल पत्नी को लेकर बाणगंगा थाने पहुंचा। यहां पुलिस ने काफी देर तक बैठाए और फिर कहा कि पहले अस्पताल ले जाओ, हम वहीं आकर बयान ले लेंगे।

चुन्नीलाल ने कहा कि पड़ोसी हमारे यहां से बिजली उपयोग करते हैं। उसी के पैसे मांगने पर उन्होंने विवाद किया। इससे पहले जुलाई में भी पड़ोसियों ने बिजली बिल को लेकर विवाद किया था। तब उन्होंने पत्नी को एसिड पिला दिया था।

तब भी पड़ोसियों विनोद सहित अन्य लोगों पर केस दर्ज कराया था। तब से पत्नी का उपचार चल रहा था। तब उसके पेट में खाने की नली डाली गई थी। जो अब तक नहीं निकली थी। 31 दिसंबर को विवाद के बाद पड़ोसियों ने मुंह में डाली गई खाने की नली निकाल दी।

समझौते का बना रहे दबाव

कांताबाई के परिवार के मुताबिक आरोपी समझौते को लेकर दबाव बना रहे थे। सभी कुछ समय पहले ही जमानत पर छूटे और तब से हमें धमकियां दे रहे थे। इस मामले में बाणगंगा पुलिस के साथ बड़े अफसरों को भी शिकायत की। लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। 31 दिसंबर को भी जब थाने पहुंचे तो उन्होंने पूर्व में विवाद होने की बात करते हुए मौके पर जाकर मामले को समझने की बात कही। अस्पताल में भी बयान लेने कोई नहीं आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *