हुरुन लिस्ट में इंदौर के विनोद अग्रवाल मप्र में नंबर-1, एक साल में 400 करोड़ बढ़ी संपत्ति; आनंद ज्वेलर्स के गौरव आनंद की भी लिस्ट एंट्री

हुरुन रिच लिस्ट की मध्यप्रदेश कैटेगरी में इंदौर के कोल कारोबारी विनोद अग्रवाल नंबर-1 पोजिशन पर बरकरार हैं। 2023 में उनकी संपत्ति 6700 करोड़ थी। एक साल में उनकी संपत्ति में 400 करोड़ का इजाफा हुआ है। अब 7100 करोड़ हो गई है। वहीं लिस्ट के अनुसार गौतम अडाणी भारत के सबसे अमीर व्यक्ति है। लिस्ट में मुकेश अंबानी दूसरे नंबर है। लिस्ट में 1 हजार करोड़ और इससे अधिक संपत्ति वालों को शामिल किया जाता है।

भारत के अरबपतियों की लिस्ट में MP के टॉप-9 कारोबारी

1.विनोद अग्रवाल- 394वीं रैंक- 7100 करोड़ संपत्ति- अग्रवाल कोल

2.श्याम सुंदर गेंदालाल मूंदड़ा- 709वीं रैंक-3500 करोड़ संपत्ति- उजास एनर्जी

3.दिनेश पाटीदार- 732 वी रैंक-3400 करोड़ संपत्ति- शक्ति पंप

4.सुनील चौरड़िया-1016वीं रैंक-2100 करोड़ संपत्ति- राजरतन ग्लोबल वायर

5.विनोद कुमार अग्रवाल- 1192 रैंक-1700 करोड़ संपत्ति- जीआर इन्फ्राप्रोजेक्ट्स

6.विनोद तोड़ी- 1298वीं रैंक-1500 करोड़ रुपए, जयदीप इस्पात एंड एलॉय

7.नितिन अग्रवाल-1378वीं रैंक-1300 करोड़ रुपए- प्रकाश एस्फाल्टिंग्स एंड टोल हाईवे

8.सुनील पाटीदार-1445वीं रैंक-1200 करोड़ रुपए- शक्ति पंप

9.गौरव आनंद-1534वीं रैंक-1000 करोड़ रुपए आनंद ज्वेलर्स

(दिलीप बिल्डकॉन ग्रुप के दिलीप सूर्यवंशी पहली बार इस सूची से बाहर हुए हैं। पिछले साल 2600 करोड़ की संपत्ति के साथ वे चौथे नंबर पर थे।)

विनोद अग्रवाल दो साल के थे तब परिवार इंदौर आया

10 जून 1963 को हरियाणा के रोहतक में जन्मे विनोद का परिवार जमींदारी से जुड़ा था। 1965 में जब वे दो साल के थे तो उनका परिवार इंदौर आकर बस गया। इंदौर में पिता ने पहले नौकरी की। फिर खुद का ट्रांसपोर्ट बिजनेस शुरू किया। इसके बाद वे धीरे-धीरे कोयले के कारोबार से जुड़ते गए।

10 जून 1963 को हरियाणा के रोहतक में जन्मे विनोद का परिवार जमींदारी से जुड़ा था।

इंटरव्यू में ये बोले थे विनोद अग्रवाल

मैं जब 9वीं क्लास में था, लगभग 14-15 साल मेरी उम्र थी। तभी बिजनेस को संभालना शुरू कर दिया। तब गुजरात-राजस्थान की यात्राएं की जो कोयला व्यापार से संबंधित थी। तब क्लाइंट को हैंडल करना बड़ा चैलेंज था। कम उम्र होने के कारण कई बार उन्हें भरोसे में लेना मुश्किल हो जाता था। हालांकि मेरा पढ़ने का शौक कम नहीं हुआ। 12वीं की परीक्षा में गोल्ड मेडलिस्ट रहा। प्रदेश में मेरिट लिस्ट में था। व्यापार का सफर भी चलता रहा

इंदौर आए थे तब साइकिल भी नहीं थी

आगे उन्होंने बताया, जब हम इंदौर आए थे तो हमारे पास एक साइकिल भी नहीं थी। सपना था कि हमारे पास भी एक साइकिल हो। आज प्रभु ने हमें रॉल्स रॉयस दी हुई है। मेरा मानना है कि जो समय आप से करवाए वो करना चाहिए। यदि आप समय के आगे चलेंगे तो भी तकलीफ है, समय से पीछे चलेंगे तो भी तकलीफ है। उदाहरण के लिए यदि आप आज मर्सिडीज कार मेंटेन कर सकते हैं और आप कंजूसी में मारुति में चलना शुरू कर दें तो वो भी गलत है। अगर आपकी पोजिशन मारुति की ही है और आप मर्सिडीज ले आते हैं तो आप संभाल नहीं पाएंगे। मेंटेन नहीं कर पाएंगे, तो परेशान हो जाएंगे। ब्याज का जीवन नहीं बनाए। आप जैसे हैं वैसे रहें।

इसलिए नहीं छोड़ सकता इंदौर

मुझसे पहले कभी कहा गया था कि भारत के कानून अलग तरीके के हैं। सख्त हैं। यहां टैक्सेशन अधिक है। आपको कहीं न कहीं विदेश में सेटल हो जाना चाहिए। देश से बाहर चले जाना चाहिए। तो मेरा उनको यही जवाब रहता था कि ये मां अहिल्या की पुण्याई की नगरी है। यदि आप यहां आए हैं और आपने यहां से कुछ अर्जन किया है और आप सोचें कि कहीं बाहर चले जाएं और उसको संभाल पाएं। मेरे पास ऐसे कई उदाहरण है, जिन्होंने अपना होम टाउन बदला तो वो कहीं संभल नहीं पाए। तो मैं तो कभी भी इंदौर नहीं छोड़ूंगा। मुझे तो इस धरती ने सब कुछ दिया है। फिर बेटे की बात हुई कि उसे बाहर सेटल कर दीजिए। NRI बना दीजिए। मैंने कहा कि भारत के संस्कार ऐसे नहीं है। हमारा बेटा ही हमारी भविष्य की धरोहर है। हमारी जो चीजें हैं, उसको उसे आगे बढ़ाना है। मेरा विजन है कि मैं परिवार के साथ इस देश में, इस शहर में रहूं।

लिस्ट में पहली बार शाहरुख-ऋतिक की एंट्री

वहीं हुरुन रिच लिस्ट इंडिया में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान 7,300 करोड़ रुपए वेल्थ के साथ पहली बार इस लिस्ट में शामिल हुए। शाहरुख की संपत्ति बढ़ोतरी IPL की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स में उनके स्टेक से हुई है। शाहरुख रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के मालिक हैं, इसी कंपनी ने उनकी फिल्म डंकी, जवान और डार्लिंग्स को प्रोड्यूस किया। उनकी संपत्ति में बढ़ोतरी इन फिल्मों की सफलता के चलते भी हुई है।

शाहरुख के अलावा इस लिस्ट में 4,600 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ जूही चावला, 2,000 करोड़ रुपए की वेल्थ के साथ ऋतिक रोशन, अमिताभ बच्चन और फैमिली का 1,600 करोड़ रुपए और करण जौहर 1,400 करोड़ रुपए भी शामिल हुए हैं। हुरुन इंडिया की लिस्ट में शामिल बॉलीवुड के अमीरों की टोटल संपत्ति 40,500 करोड़ रुपए है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *