
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शनिवार रात आईपीएल के 14वें सीजन का दूसरा मुकाबला खेला गया। मैच में गुरु गुड़ रह गया और चेला शक्कर हो गया। धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स को ऋषभ की दिल्ली कैपिटल्स से हार का सामना तो करना ही पड़ा।दिल्ली की टीम ने चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से मिले 189 रनों के लक्ष्य को पृथ्वी शॉ और शिखर धवन के विस्फोटक अर्धशतकों के दम पर आसानी से हासिल कर लिया. चेन्नई सुपरकिंग्स और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी दोनों के लिए पहला मैच बुरा साबित हुआ. कप्तान धोनी पहले बिना खाता खोले बोल्ड हो गए और मैच के बाद आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने उन पर जुर्माना लगा दिया.
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ स्लो ओवर रेट के लिए चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर 12 लाख रुपये जुर्माना लगा है. दरअसल बीसीसीआई ने नियम बनाया है कि अब हर टीम को 90 मिनट में अपने 20 ओवर पूरे करने होंगे. इससे पहले नियम था कि 20वां ओवर 90 मिनट में शुरू किया जाए लेकिन अब डेढ़ घंटे के अंदर हर हाल में निर्धारित 20 ओवर खत्म करने होंगे. 90 मिनट में टीमों को ढाई-ढाई मिनट के दो टाइम आउट मिलेंगे. मतलब टीमों को 85 मिनट में कुल 20 ओवर फेंकने होंगे. इस हिसाब से एक घंटे में हर टीम को 14.11 ओवर फेंकने होंगे.
दूसरी ओर हार के बाद धोनी ने कहा है कि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल के पहले मैच में खराब प्रदर्शन के बाद उनके गेंदबाजों को अपनी गलतियों से सबक लेना होगा. धोनी ने कहा,‘‘ हम बेहतर गेंदबाजी कर सकते थे. गेंदबाज अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके और बेहद ढीली गेंदें डाली. उन्होंने सबक ले लिया है और आगे वे बेहतर प्रदर्शन करेंगे.’’ धोनी ने कहा कि ओस पर काफी कुछ निर्भर करता है और उसे ध्यान में रखकर हम ज्यादा से ज्यादा रन बनाना चाहते थे.