
इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा 14वें सीजन पर संकट गहराता जा रहा है. टूर्नामेंट शुरू होने के बाद से अब तक चार खिलाड़ी लीग से नाम वापस ले चुके हैं और भारत में कोरोना वायरस के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए अब दो और दिग्गज क्रिकेटर आईपीएल बीच में छोड़कर स्वदेश लौट सकते हैं. रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी स्टीव स्मिथ और सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान डेविड वॉर्नर टूर्नामेंट से नाम वापस लेकर जल्द ही ऑस्ट्रेलिया लौट सकते हैं. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के तीन क्रिकेटर टूर्नामेंट छोड़कर स्वदेश लौट गए हैं. इनमें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के केन रिचर्डसनस और एडम जैम्पा व राजस्थान रॉयल्स के एंड्रयू टाय शामिल हैं.
दरअसल, 9न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ समेत ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ऑस्ट्रेलिया के बॉर्डर बंद होने से पहले स्वदेश लौटने की उम्मीद कर रहे हैं. इतना ही नहीं, रिपोर्ट में तो यहां तक कहा गया है कि सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं बल्कि क्रिकेटरों के अलावा कोच, कमेंटेंटर के तौर पर आईपीएल में मौजूद 30 ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज भारत से लौटने के इच्छुक हैं. क्योंकि यहां हालात हर दिन और बिगड़ते जा रहे हैं. दरअसल, कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑस्ट्रेलियाई सरकार सभी बॉर्डर सील करने पर विचार कर रही है. इस दिशा में कई कदम उठाए भी गए हैं.
तीन खिलाड़ी पहले ही हट चुके हैं:-आईपीएल 2021 में 17 ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भाग ले रहे हैं. इसमें से तीन- एडम जंपा, केन रिचर्डसन और एंड्रयू टाय पहले ही घर लौट चुके हैं. टाय ने क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू को बताया कि वह देश से बाहर जाना नहीं चाहते हैं. रिकी पोंटिंग , डेविड हसी और साइमन कैटिच के साथ-साथ कॉमेंटेटर ब्रेट ली, माइकल स्लेटर और मैथ्यू हेडन भी भारत में है. रिपोर्ट में कहा गया है कि खिलाड़ियों को चार्टर्ड विमान से वापस लाने की बातचीत चल रही है.
किसी अन्य देश में क्वारंटाइन होना पड़ सकता है:-क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने हालांकि बताया कि इस बिंदु पर खिलाड़ियों के लिए चार्टर्ड योजना नहीं है. दूसरे विकल्प पर चर्चा की जा रही है. ऑस्ट्रेलिया पहुंचने से पहले एक तीसरे देश में क्वारंटाइन होना पड़ सकता है. हालांकि इससे पहले बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि वह सभी विदेशी खिलाड़ियों को उनके देश भेजने के लिए प्रतिबद्ध है. इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों से चर्चा की जा रही है.