
पिछले 20 साल से रूस की राजनीति में नंबर एक पोजिशन पर काबिज रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन अगले साल अपना पद छोड़ सकते हैं. यूएस मीडिया और ब्रिटिश मीडिया के हवाले से ये रिपोर्ट आ रही है. रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि व्लादिमिर पुतिन को गंभीर पार्किंसंस की बीमारी है. जिसकी वजह से रूस के राष्ट्रपति की 37 साल की गर्लफ्रेंड एलिना काबेवा और उनकी दो बेटियां उन्हें पद छोड़ने के लिए कह रही हैं. ऐसे में प्रेसिडेंट अगले साल अपना पद छोड़ सकते हैं.
ब्रिटिश अखबार द सन के मुताबिक, व्लादीमीर पुतिन अगले साल की शुरुआत में सक्रिय राजनीति से अलग होने की तैयारी कर रहे हैं. रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन से जुड़े सूत्रों का कहना है कि 68 साल के पुतिन में पर्किंसन रोग के लक्षण दिखे हैं. इससे उनकी 37 साल की गर्लफ्रैंड एलिना काबेवा (Alina Kabeva) बुरी तरह परेशान हो गई हैं. काबेवा ने उन्हें सत्ता छोड़ने के लिए मना लिया. रूस में लंबे वक्त तक सत्ता पुतिन या उनके करीबी दमित्री मेदवदेव के पास रही है.
Video फुटेज से हुआ खुलासा
हाल ही में ऐसी वीडियो फुटेज सामने आई हैं, जिनमें रूसी राष्ट्रपति पुतिन के पैर को लगातार हिलाते हुए देखा गया. कुर्सी में बैठते-उठते वक्त उन्हें दर्द का अनुभव करते हुए भी देखा गया. उनकी अंगुलियों में भी बिना किसी वजह के कंपन पाया गया है. पर्किंसन रोग के मरीज में ऐसे ही लक्षण मिलते हैं.
पुतिन खुद को सुरक्षित बनाने में जुटे
पुतिन के सक्रिय राजनीति से अलग होने के संकेत पिछले हफ्ते उस वक्त प्रबल हो गए, जब रूसी संसद में एक कानून पारित किया गया. इसके तहत पुतिन को त्यागपत्र के बाद भी जीवनभर सीनेटर बने रहने का अधिकार दिया गया. पुतिन को किसी भी प्रकार के मुकदमे से बचने के और ताउम्र वेतन-भत्ते और सुविधाएं मुहैया कराने की गारंटी भी दी गई है. मास्को के राजनीतिक विश्लेषक प्रोफेसर वैलेरी सोलोवेई ने गुरुवार रात को कहा कि पुतिन में संभवतः पर्किंसन के लक्षण मिले हैं.
गर्लफ्रैंड और बेटियों ने मनाया
पुतिन की गर्लफ्रैंड काबेवा और उनकी दो बेटियों मारिया और कैटरीना ने उन पर सत्ता छोड़ने का दबाव बनाया है और वह संभवतः राजी भी हो गए हैं. पुतिन ने जनवरी 2021 में राष्ट्रपति पद छोड़ने का इरादा जताया है. संकेत मिले हैं कि पुतिन जल्द ही नए प्रधानमंत्री की घोषणा करेंगे जो बाद में उनका उत्तराधिकारी होगा. हालांकि राष्ट्रपति कार्यालय ने ऐसे किसी भी कयास पर कोई भी बयान देने से इनकार कर दिया है.