मेड की दादी के निधन की जानकारी मिलते ही उसके घर पहुंचे जैकी श्रॉफ, परिवार संग जमीन पर बैठकर दी सांत्वना

अपनी दरियादिली के लिए फेमस अभिनेता जैकी श्रॉफ का एक और मानवीय चेहरा देखने को मिला है। हाल ही में वह अपनी मेड के घर पहुंचे जिनकी दादी का निधन हो गया था। जैकी यहां परिवार को सांत्‍वना देने के लिए पहुंचे थे। उनकी जो तस्‍वीर सामने आई है, उसे देख फैंस उनकी और भी प्रशंसा कर रहे हैं।

दरअसल, जैकी के मुंबई स्थित घर पर काम करने वाली मेड दीपाली तुपे की दादी का बीते दिनों निधन हो गया था। ऐक्‍टर के यहां दीपाली कई साल से काम कर रही हैं। जब जैकी को दादी के निधन की जानकारी हुई तो शुक्रवार की शाम वह अपनी टीम के कुछ मेंबर्स के साथ पुणे के मावल तहसील के पवनानगर स्थित मेड के घर पहुंचे।

परिवार को बंधाया ढांढस
जैकी ने दीपाली के घर आकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। उन्‍होंने सांत्वना देते हुए पूरे परिवार को करीब एक घंटे का समय दिया। इस दौरान वह लोगों के साथ फर्श पर बैठे नजर आए। अब लोग जैकी की यह तस्‍वीर देख उनकी सादगी की तारीफ कर रहे हैं।

100 साल की उम्र में दादी का निधन
जानकारी के मुताबिक, दीपाली तुपे की दादी तन्हाबाई ठाकरे का 100 साल की उम्र में बीते गुरुवार को निधन हो गया था। इसके बाद दीपाली प्राइवेट टैक्सी लेकर पुणे पहुंचीं।

पहले भी देखने को मिली है जैकी की दरियादिली
यह पहला मौका नहीं है जब जैकी श्रॉफ की दरियादिली देखने को मिली हो। ऐक्‍टर का मावल के चंदखेड़ में एक बंगला है और वह अक्सर मुंबई से यहां आते हैं। स्‍थानीय लोगों के मुताबिक, जैकी श्रॉफ यहां घूमने जरूर आते हैं लेकिन हमेशा गांव के लोगों की मदद को तैयार रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *