जावेद अख्तर ने कंगना पर मानहानि का केस किया

कंगना रनोट के खिलाफ मानहानि का एक और केस दर्ज हुआ है। इस बार गीतकार जावेद अख्तर ने कंगना पर केस किया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, अख्तर ने कंगना के एक बयान पर आपत्ति जताई है। कंगना ने दावा किया था कि जावेद अख्तर ने उन्हें घर बुलाकर धमकाया और रितिक रोशन से माफी मांगने के लिए कहा था।
खबर है कि काफी समय से चल रही बयानबाजी से परेशान होकर जावेद अख्तर ने कंगना के खिलाफ एक्शन लेने का मन बना लिया और अब उन्होंने कंगना के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है। अब यह मामला कोर्ट में पहुंच चुका है और जावेद अख्तर लंबी लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।

बता दें कंगना की बहन और मैनेजर रंगोली चंदेल ने ट्वीट कर लिखा था, “जावेद अख्तर जी ने कंगना को घर बुलाया और धमकी दी कि वे ऋतिक रोशन से माफी मांग लें। महेश भट्ट ने कंगना पर चप्पल फेंकी थी, क्योंकि उसने भट्ट की फिल्म में सुसाइड बॉम्बर की भूमिका निभाने से इनकार कर दिया था। वे प्रधानमंत्री को फासीवादी कहते हैं….चाचाजी आप दोनों क्या हो?” इतना ही नहीं कंगना भी कई इंटरव्यूज में जावेद अख्तर पर हमला बोल चुकी हैं।

दूसरी तरफ मुंबई पुलिस ने मंगलवार को बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत को दूसरा नोटिस जारी किया है। इस नोटिस में कंगना को अपनी बहन रंगोली चंदेल के साथ 10 नवंबर को पेश होने के लिए कहा गया है। एक अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ बयान देने के मामले में पूछताछ के लिए यह नोटिस जारी किया गया है।

बता दें कि इससे पहले बांद्रा पुलिस ने 21 अक्तूबर को नोटिस जारी कर अभिनेत्री कंगना और उनकी बहन रंगोली को बयान दर्ज करने के लिए बुलाया था। हालांकि रणौत के वकील ने इस नोटिस के जवाब में पुलिस से कहा था कि कंगना फिलहाल हिमाचल प्रदेश में हैं और वह अपने चचेरे भाई की शादी की तैयारियों में व्यस्त हैं। इस वजह से पेश होने में असमर्थ हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *