पालतू कुत्ते के साथ खेलते वक्त चोटिल हुए बाइडेन,ट्रंप ने जल्द ठीक होने की कामना की

अमेरिका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन के दाहिने पैर की मांसपेशी में खिंचाव हो गया है। बाइडन अपने पालतू कुत्ते के साथ खेलते वक्त चोटिल हो गए थे ।अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। बाइडेन का उपचार कर रहे डॉ. केविन ओ कोन्नोर ने कहा, ‘‘एक्स-रे कराने पर पता चला कि हड्डी टूटी नहीं है। उनकी एक और जांच करवाई जाएगी।

वहीं, अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बाइडन के जल्द ठीक होने की कामना की है। ट्रंप ने ट्वीट कर कहा, ‘जल्द ठीक हो जाइए।’

बाइडन के कार्यालय ने बताया कि बाइडन को शनिवार को चोट लगी और रविवार दोपहर वह जांच के लिए डेलावेयर के नेवार्क में हड्डी रोग विशेषज्ञ के पास पहुंचे। बाइडन का उपचार कर रहे डॉ. केविन ओ कोन्नोर ने बताया, सीटी स्कैन से पता चला कि उनकी हड्डी टूटी नहीं है, लेकिन उन्हें हेयरलाइन फ्रैक्चर हुआ है। उन्होंने कहा, इस बात का अनुमान है कि उन्हें कई हफ्तों तक चलने वाले बूट की आवश्यकता पड़ सकती है।

शनिवार को अपने पालतू कुत्ते ‘मेजर’ के साथ खेलते वक्त बाइडन का पैर फिसल गया था और उनका टखना मुड़ गया था। उन्होंने मेजर को 2018 में गोद लिया था। बाइडन समर्थकों का कहना है कि वह अपने इस कुत्ते को व्हाइट हाउस लेकर आएंगे और वह एक बिल्ली पालने का भी विचार कर रहे हैं। बाइडन अगले वर्ष 20 जनवरी को अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। उनकी आयु 78 वर्ष है और वह इस पद पर आसीन होने वाले सबसे उम्रदराज व्यक्ति होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *