Kapil Sibal on Aryan Khan: आर्यन ड्रग्स केस पर कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने कही ये बात

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने कहा है कि शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के नार्कोटिक्स के मामला की वजह से लखीमपुर खीरी में मंत्री के बेटे के मसले से ध्यान हट गया है।कांग्रेस नेता ने अपने ट्विटर वॉल पर यह बात लिखी है।

आपको बता दें कि लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में आशीष मिश्रा मुख्य आरोपी है. इधर ड्रग्स मामले में गिरफ्तार बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान और पांच अन्य को क्वारंटाइन की अवधि समाप्त होने पर स्थानीय आर्थर रोड जेल की सामान्य बैरक में स्थानांतरित कर दिया गया.
स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा गत तीन अक्टूबर को मुंबई तट के पास एक क्रूज पोत से गिरफ्तार आर्यन (23) को कम से कम छह दिन और जेल में रहना होगा, क्योंकि एक विशेष अदालत ने दिन में उसकी और दो अन्य आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर आदेश 20 अक्टूबर के लिए स्थगित कर दिया.

मुंबई के आर्थर रोड जेल भेजा गया
एनसीबी की प्रारंभिक हिरासत समाप्त होने के बाद मजिस्ट्रेट ने उन्हें जमानत देने से इनकार करते हुए न्यायिक हिरासत में मध्य मुंबई के आर्थर रोड जेल भेज दिया था. जेल के एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें सात दिनों के लिए क्वारंटाइन बैरक में रखा गया था, जिसकी अवधि बुधवार को समाप्त हो गयी. उसके बाद इन सभी का बुधवार सुबह कोरोना वायरस के लिए आरटी-पीसीआर परीक्षण किया गया और रिजल्ट निगेटिव होने के बाद उन्हें एक दूसरे से अलग कर विभिन्न सामान्य बैरकों में स्थानांतरित कर दिया गया.

एनसीबी की छापेमारी
आपको बता दें कि क्रूज पर एक रेव पार्टी निर्धारित किये जाने की गुप्त सूचना के आधार पर एनसीबी की एक टीम ने दो अक्टूबर की शाम को गोवा जाने वाले कॉर्डेलिया क्रूज पर छापा मारा और कथित तौर पर ड्रग्स जब्त की. इस छापे के दौरान एक्टर शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान, अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *