KBC 13 : छतरपुर के साहिल ने KBC में जीते 1 करोड़, सात करोड़ के सवाल पर छोड़ा खेल

अपनी कड़ी मेहनत और लगन के साथ अपने सपनों को पूरा करने का जज़्बा लिए हुए हैं छतरपुर, मध्य प्रदेश के साहिल आदित्य अहिरवार . किसी दिन एक आईएएस ऑफिसर बनने की हसरत रखने वाले 19 साल के साहिल आदित्य अहिरवार रिकॉर्ड तोड़ते हुए सोनी एंटेरटेनमेंट के गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन 13’  के दूसरे करोड़पति बन गए. 7 करोड़ के सवाल पर वे उलझ गए और गेम क्विट कर दिया.बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू ने भी उन्हें ट्वीट कर बधाई दी थी.

बता दें, शो में 1 करोड़ जीतने वाले साहिल का जीवन संघर्षों से भरा पड़ा है. वे छतरपुर जिले से करीब 60 किमी दूर लवकुश नगर में माता-पिता और भाई के साथ रहते हैं. उनके किराये के कमरे का आकार महज 10 बाय 11 फीट है. उनके पिता का नाम बाबू अहिरवार है. बाबू परिवार पालने के लिए नोएडा में सिक्योरिटी गार्ड हैं. मां सरोज गृहिणी हैं. साहिल का छोटा भाई पारस अभी पढ़ाई कर रहा है. केबीसी में जाने के लिए साहिल लंबे समय से कोशिश कर रहे थे.
पिता को बेटे पर गर्व:-साहिल के पिता से जब मीडिया ने बात की तो उन्होंने बताया कि मैं दिन-रात इसलिए मेहनत कर रहा हूं, ताकि मेरे बच्चे सपनों को पूरा करें. मैं मजदूरी और गार्ड की नौकरी कर परिवार पाल रहा हूं. मुझे खुशी है कि मेरे बच्चे मेरी उम्मीदों के मुताबिक ही कर रहे हैं. मुझे अपने बेटे साहिल पर गर्व है.

मेरा बेटा मेरे सपने साकार करेगा – मां:-मां सरोज अपने बेटे की उपलब्धि से फूली नहीं समा रहीं. उनका कहना है कि बेटे ने केबीसी के लिए दिन-रात मेहनत की. उसे अमिताभ बच्चन से मिलने की तमन्ना थी. उसे हॉट सीट पर अमिताभ बच्चन के सामने देखकर अपनी खुशी छुपा नहीं पाई. बेटा अभी सागर यूनिवर्सिटी से पढ़ाई कर रहा है. इसके साथ यूपीएससी एग्जाम की तैयारी भी कर रहा है. मां का कहना है कि बेटा हमारे सपने को जरूर पूरा करेगा.

साहिल ने सुनाई अपनी कहानी :-साहिल ने शो में बताया कि उनकी मां का कुछ समय पहले किडनी का ऑपरेशन हुआ. इसके बाद से मां को तकलीफ होने लगी है. उनके पिता नोएडा में गार्ड की नौकरी करते हैं. उनका वेतन 15 हजार रुपये है. पिता को छुट्टी लेने में परेशानी होती है, इसलिए वे शो में नहीं आ सके. घर में उनके पिता अकेले कमाने वाले शख्स हैं. साह‍िल की जिंदगी पर इस प्रोमो को साझा करते हुए चैनल ने भी उनकी दाद दी है.

सलमान और तापसी हैं पसंद:-इस दौरान उन्होंने बिग बी को बताया कि बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के वह फैन हैं. उन्होंने तापसी पन्नू को उन्होंने अपना लव और क्रश बताया. उन्होंने अमिताभ से तापसी को लेकर कई सवाल किए. साहिल ने कहा कि क्योंकि अमिताभ ने तापसी के साथ काम किया है, इसलिए वह उन्हें अच्छे से जानते होंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *