गुजरात में सोमवार को सुबह 30 से ज्यादा स्कूलों को एक ईमेल के जरिए धमकी दी गई है। इन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। पुलिस विभाग को इसकी सूचना मिली तो पुलिस की टीमें बम निरोधक और खोजी दस्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं।

अहमदाबाद के मकरबा स्थित डीएवी इंटरनेशनल स्कूल, वस्त्रापुर स्थित एशिया स्कूल और सैटेलाइट क्षेत्र में स्थित ए-वन स्कूल को धमकी भरे इमेल मिले हैं। इसके अलावा, निरमा विश्वविद्यालय को भी इसी तरह की धमकी मिली है। इसमें लिखा था, “गुजरात को खालिस्तान बना देंगे और स्कूल में विस्फोट होगा।”
वडोदरा के इन स्कूलों को मिली धमकी
वहीं, वडोदरा के फेमस डीआर अमीन, उर्मी और नालंदा स्कूलों इसी तरह के ईमेल के जरिए धमकी दी गई। इसके अलावा, बागीखाना स्थित बड़ौदा हाई स्कूल, नवयुग स्कूल, जीवन साधना स्कूल, डभोई स्थित एडब्ल्यूएस और खोडियारनगर स्थित शानन स्कूल को भी धमकियां मिली हैं।
मामले की जांच शुरू
स्कूल प्रशासन को जैसे ही इस धमकी भरे ईमेल के बारे में पता चला, उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी और तुरंत पुलिस की टीम दमकल के दस्ते के साथ मौके पर पहुंची। बम निरोधक दल और खोजी दस्ते ने स्कूलों की जांच की और स्कूलों को खाली कराया। एहतियात के तौर पर वडोदरा के स्कूल प्रशासकों ने बच्चों को तुरंत घर वापस भेज दिया। साथ ही उर्मी स्कूल के हॉस्टल को भी खाली करा लिया।