जानिए कितने घंटो तक इंसान की त्वचा पर जिंदा रह सकता है कोरोनावायरस

पूरी दुनिया कोरोनावायरस  के कहर से जूझ रही है. विभिन्न देश कोरोना से मुकाबला करने के लिए COVID-19 वैक्सीन बनाने में जुटे हुए हैं. इस बीच, एक के बाद एक कई स्टडी सामने आ रही हैं, जिनमें नए-नए तथ्यों का पता चला रहा है.हालांकि ताजा स्टडी चिंता बढ़ाने वाली है. न्यूज एजेंसी AFP की रिपोर्ट के अनुसार, जापानी शोधकर्ताओं के एक शोध में यह खुलासा हुआ है कि कोरोना वायरस मनुष्य की त्वचा (Skin) पर 9 घंटे तक जीवित रह सकता है. क्लीनिकल इन्फेक्शस डिसीजेज जर्नल में प्रकाशित स्टडी के मुताबिक, कोरोनावायरस की तुलना में फ्लू का वायरस इंसान की त्वचा पर करीब 1.8 घंटे तक जिंदा रह सकता है.

स्टडी में कहा गया है कि “इन्फ्लुएंजा ए वायरस (IAV) के मुकाबले SARS-CoV-2 के मनुष्य की त्वचा पर 9 घंटे तक जीवित रहने की वजह से कॉन्टैक्ट ट्रांसमिशन का जोखिम बढ़ सकता है. जिससे महामारी बढ़ सकती है.” स्टडी के मुताबिक, दोनों ही वायरस (Coronavirus और Flu Virus) एथनॉल लगाने के 15 सेकेंड के अंदर निष्क्रिय हो जाते हैं, जिसका इस्तेमाल हैंड सैनिटाइजर में होता है.

स्टडी में कहा गया है कि SARS-CoV-2 के स्किन पर ज्यादा समय तक सक्रिय रहने की वजह से संपर्क संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. हालांकि, हाथों को साफ-सुथरा यानी स्वच्छ रखकर इस जोखिम को कम किया जा सकता है.

देश में कोरोना से कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 75 लाख के करीब हो गई है. देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण (Coronavirus) के 61, 871 नए मामले सामने आए हैं जबकि 1033 लोगों की मौत हो गई है. पिछले 24 घंटों में 72 हजार 614 लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं. यानी नए संक्रमितों की संख्या से ज्यादा ठीक हुए मरीजों की संख्या है. यह एक अच्छा संकेत है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *