इम्यूनिटी पर भारी न पड़े रोज काढ़ा पीना,जानें कैसे पीना सही

कोरोना वायरस जैसी महामारी के डर से अब हर इंसान खुद को स्वस्थ्य रखने के लिए तरह-तरह के तरीके अपना रहा है। इन तरीकों में सबसे कॉमन है काढ़े का सेवन। लोग अपनी इम्यूनिटी को मजबूत बनाने के लिए दिन में तीन से चार बार काढ़ा पीने लगे हैं। हालांकि, आयुर्वेद में भी काढ़ा पीने के अनेक फायदे बताएं हैं लेकिन इस उपचार को लोग अपनी मनमर्जी से कर रहे हैं। क्या आप जानते हैं काढ़ा का ज्यादा सेवन भी हानिकारक साबित हो सकता है? हम आपको बताते हैं क्या है इसे पीने का सही और गलत तरीका।

काढ़ा पीने का गलत तरीका: किसी भी चीज की अति नुकसान ही करती है। और यही बात काढ़े पर भी लागू होती है। न्यू यॉर्क में रहने वाली आयुर्वेदिक डॉक्टर निधि पांडे का कहना है कि अगर काढ़े काे सही तरीके से नहीं पीया गया तो ये फायदे से ज्यादा हानि पहुंचा सकता है। काढ़े को हद से ज्यादा उबालना या फिर उसे लगातार ज्यादा मात्रा में पीने से यूरिन इंफेक्शन, स्किन में ड्राईनेस, मुहांसे, एसिडिटी और मुंह में छाले जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। अगर आप काढ़े का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाना चाहते हैं तो उसे सही मात्रा में और सही तरीके से पिएं। काढ़ा पीने का सही तरीका:

1. काढ़े को ज्यादा ना उबालें: काढ़े में डाले जाने वाले मसालों को ज्यादा देर उबालने से उसका असर ज्यादा नहीं होता है। बल्कि इससे काढ़े में कड़वाहट आ जाती हैं और पीने के बाद पेट में जलन और एसिडिटी होने लगती है। मसालों को कुछ मिनट के लिए उबालना या स्टीम देना ही काफी होता है।

2. सिर्फ आधा कप काढ़ा पिएं: क्या आप उन लोगों में से हैं जो एक दिन में तीन बार काढ़ा पीते हैं? अगर ऐसा है तो इस आदत को बदल लें। एक दिन में आधे कप से ज्यादा काढ़े का सेवन ना करें। सर्दी के मौसम में भले ही इसे दो बार पी सकते हैं।

3. ठंडे मसाले मिलाएं: काढ़े में पड़ने वाले सभी मसाले गरम होते हैं इसलिए उनमें कुछ ठंडे मसाले जरूर मिलाएं। ठंडे मसलों में मुलेठी, इलाइची और गुलाब की पत्तियां हो सकती हैं। ये मसाले पेट से जुड़ी दिक्कतों से दूर करेंगे ।

4. ठंडी चीजों का सेवन करें: काढ़ा पीने से शरीर में गर्मी पैदा होती है, जिससे मुहांसे और स्किन ड्राई हो सकती है। इन सब परेशानियों से बचने के लिए ठंडी खाने-पीने की चीजें खाएं जैसे संतरा।

5. खूब पानी पिएं: रोजाना काढ़ा पीने वाले लोगों को अपना शरीर हाइड्रेट रखना चाहिए। पेट को ठंडा रखने के लिए पुदीने की पत्तियां डालकर पानी और नारियल पानी पी सकते हैं।
यह भी पढ़ें: कृति सेनन जैसी फिट बॉडी की चाहत रखती हैं कई बॉलीवुड अदाकारा, पढ़ें उनका वर्कआउट प्लान 79038469
6. रोजाना काढ़े का सेवन ना करें: शरीर में गर्मी पैदा करने वाला काढ़ा रोजाना पीना नुकसानदायक होता है। आप इसे तीन हफ्ते लगातार पीजिए और फिर दो हफ्ते का ब्रेक लीजिए। इससे आपके पेट और शरीर पर ज्यादा जोर नहीं पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *