AI इंजीनियर अतुल सुभाष सुसाइड केस में जानिए कौन हैं रिंकी-रोहित, हैरेसमेंट और घरेलू हिंसा के बाद अब एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का एंगल आया सामने – देखें VIDEO

बेंगलुरु के AI इंजीनियर अतुल सुभाष सुसाइड केस में पुलिस वाइफ निकिता के परिवार से पूछताछ कर रही है। सुसाइड के पीछे हैरेसमेंट, घरेलू हिंसा और एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के एंगल से भी जांच की जा रही है।

अतुल और निकिता ने बयानों में बेंगलुरु के रहने वाले कुछ लोगों का जिक्र किया है। निकिता का आरोप है अतुल का हिना उर्फ रिंकी नाम की लड़की से अफेयर था। वहीं, अतुल ने निकिता से होने वाले झगड़ों की वजह रोहित निगम को बताया था। बेंगलुरु पुलिस सुसाइड केस को लेकर इन दोनों से भी पूछताछ कर सकती है।

आखिर रोहित और रिंकी कौन हैं, इनका अतुल और निकिता से क्या कनेक्शन है, इनकी वजह से दोनों के बीच कब-कब झगड़े हुए, इन सवालों के साथ हम अतुल और निकिता के वकीलों से मिले। अतुल के परिवार से रिंकी के बारे में भी पूछा। उन्होंने क्या बताया,

2022 में निकिता ने पहली बार अतुल के लव-अफेयर की बात कही

जौनपुर फैमिली कोर्ट में निकिता ने अतुल के खिलाफ 9 केस दर्ज करवाए थे। इनकी सुनवाई जौनपुर कोर्ट में चल रही थी। इसी बीच अतुल ने 9 दिसंबर को बेंगलुरु में सुसाइड कर लिया। मरने से पहले अतुल ने 24 पेज का सुसाइड नोट छोड़ा। 90 मिनट का वीडियो भी बनाया। उसमें पत्नी निकिता, सास, साला, चाचा ससुर और महिला जज पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया।

11 दिसंबर को अतुल के भाई की तहरीर पर निकिता समेत 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। 15 दिसंबर को पुलिस ने निकिता को गिरफ्तार कर लिया। बेंगलुरु पुलिस अब निकिता, उसकी मां निशा सिंघानिया और भाई अनुराग सिंघानिया से पूछताछ कर रही है।

अतुल सुभाष केस के बाद जौनपुर फैमिली कोर्ट में बंदिशें बढ़ गई हैं। अब यहां मीडिया की एंट्री रोक दी गई है। वकील किसी को वीडियो बाइट नहीं दे सकते। कोई भी जर्नलिस्ट अतुल केस की सुनवाई कर रहीं जज रीता कौशिक के चेंबर के नजदीक नहीं जा सकता।

जौनपुर फैमिली कोर्ट में निकिता का पक्ष सीनियर एडवोकेट विनोद श्रीवास्तव रख रहे हैं। निकिता की गिरफ्तारी और कोर्ट की पाबंदियों के बाद वो कैमरे पर नहीं आना चाहते। हालांकि, उन्होंने हमें निकिता और अतुल केस से जुड़े वो दस्तावेज दिखाए, जिनमें रोहित और रिंकी का जिक्र किया गया था।

फैमिली कोर्ट में निकिता के दाखिल जवाब में अतुल पर आरोप

पहले दस्तावेज में दर्ज निकिता के आरोप के मुताबिक, ‘बेंगलुरु में मुझे अतुल के नाजायज संबंधों का पता चला। उसका हिना उर्फ रिंकी के अलावा दो और लड़कियों से संबंध है। वो अय्याश किस्म का व्यक्ति है और ज्यादातर कमाई नशे पर लुटाता है। मैंने इस बारे में अतुल से पूछा तो उसने मुझसे मारपीट की और 10 लाख रुपए मांगने लगा।‘

‘अतुल ने मेरे सारे जेवर, कीमती कपड़े, FD और जरूरी कागजात छीन लिए। मुझे मारा-पीटा और घर से निकाल दिया। उसने धमकी दी कि अगर मैं 10 लाख रुपए लिए बगैर बेंगलुरु आई, तो वो मुझे जान से मार देगा।‘

क्या निकिता ने सुनवाई के दौरान आपसे हिना के बारे में कुछ कहा? वकील बोले- ‘नहीं, मैं इस बारे में कुछ नहीं जानता। निकिता ने अपने सभी बयान कोर्ट में लिखित तौर पर दर्ज करवाए हैं। अलग से इस बारे में कोई बात नहीं हुई।‘

हालांकि, अतुल के वकील ने हमें उनके बयान के दस्तावेज दिखाए, जिसमें उसने हिना उर्फ रिंकी का जिक्र किया है। अतुल ने अपने बयान में गर्लफ्रेंड होने की बात को गलत ठहराया है।

एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोपों पर अतुल का जवाब

निकिता के आरोपों को नकारते हुए अतुल ने अपने लिखित बयान में बताया- ‘17 मई, 2021 से पहले हमारे संबंध कभी अच्छे, कभी खराब थे। शादी के बाद एक बार मैंने निकिता को अपने दोस्त और उसकी पत्नी से मिलवाया था। मेरा दोस्त अपनी वाइफ के साथ दवाई लेने आया था। दोनों सुबह से शाम तक हमारे घर पर थे। उनके बाद मैंने निकिता से किसी भी दोस्त को नहीं मिलवाया।‘

‘ये कहना बिल्कुल गलत है कि मैंने निकिता को जिस लड़की से मिलवाया था, वो मेरे दोस्त की पत्नी नहीं बल्कि मेरी गर्लफ्रेंड हिना थी। ये कहना भी गलत है कि निकिता को पता चल गया था कि मैं अपनी गर्लफ्रेंड को दोस्त की पत्नी कहकर उससे मिलवा रहा हूं। इसी बात पर विवाद शुरू हुआ था।‘.

मौत से 10 महीने पहले अतुल ने ‘रोहित’ का जिक्र किया

26 जून, 2019 को वाराणसी के होटल में अतुल और निकिता की शादी हुई थी। तब सब कुछ अच्छा था। शादी के बाद निकिता बिहार में 2 दिन रुकी, फिर बेंगलुरु चली गई। वहां अतुल निकिता को पहले उसके ऑफिस छोड़ता, फिर अपने ऑफिस जाता।

 

बच्चे के जन्म के बाद धीरे-धीरे उनके रिश्ते बिगड़ने लगे। पहले मामला पुलिस तक पहुंचा, फिर कोर्ट में आ गया। कोर्ट में दोनों ने एक-दूसरे पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के भी आरोप लगाए।

जौनपुर फैमिली कोर्ट में मुकदमा नंबर 142/22 में 13 फरवरी 2024 को अतुल ने अपने बयान में बताया- ‘मुझे ऐसा लगता है कि निकिता का संबंध किसी लड़के से है। उसकी हरकतों से मुझे ऐसा लगता है। मेरे और निकिता के बीच रोहित निगम को लेकर अक्सर विवाद होता था।‘

रोहित निगम कौन, 29 जुलाई को जौनपुर कोर्ट के फैसले में पता चला

जौनपुर फैमिली कोर्ट की जज रीता कौशिक ने मुकदमा नंबर 142/22 निकिता बनाम अतुल केस (धारा 125) में फैसला सुनाया। 29 जुलाई 2024 को आए फैसले में 16वें नंबर के पॉइंट में रोहित निगम का जिक्र है।

 

फैसले की कॉपी के मुताबिक, निकिता ने कोर्ट को बताया- ‘मैंने मां (निशा सिंघानिया) से कभी नहीं कहा था कि मैं अतुल से तलाक लेना चाहती हूं। मैंने वकील से अपनी परेशानी बताई थी। उन्होंने जैसी सलाह दी, मैंने वैसा ही किया। रोहित निगम मेरे पापा के दोस्त के बेटे हैं। ये कहना गलत है कि मैं बेंगलुरु में रहकर रोहित से घर पर नॉनवेज खाना मंगवाती थी। इसी बात को लेकर मेरा अतुल से विवाद हुआ था।‘

भाई बोला- अतुल की गर्लफ्रेंड होती तो वो सुसाइड क्यों करता

हमने अतुल के छोटे भाई विकास कुमार से कॉन्टैक्ट किया। अतुल के लिए वही कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। उनका कहना है कि अगर अतुल को इंसाफ दिलाने के लिए सुप्रीम कोर्ट भी जाना पड़े, तो मेरा परिवार तैयार है। हमने विकास से निकिता के आरोपों, हिना (रिंकी) और रोहित निगम के बारे में कुछ सवाल किए।

सवाल: निकिता का आरोप है, शादी के बाद अतुल की गर्लफ्रेंड थी। क्या इस बारे में आप जानते थे?

जवाब: अगर मेरे भाई का किसी लड़की से अफेयर होता तो वो सुसाइड क्यों करता। अगर उसकी गर्लफ्रेंड होती तो वो निकिता के जाने के बाद उसके साथ आराम से रहता। अगर निकिता को लगता है कि मेरे भाई का अफेयर था, तो वो उसे साबित करती।

सवाल: निकिता ने कोर्ट को सबूत दिया है कि अतुल के HDFC बैंक अकाउंट से हिना के खाते में पैसे ट्रांसफर हुए?

जवाब: मैं यही कहूंगा कि अगर मेरी कोई दोस्त है और मैं उसे पैसे ट्रांसफर कर रहा हूं, तो इससे ये साबित नहीं होता कि वो लड़की मेरी गर्लफ्रेंड है। इसे ऐसे समझिए कि अगर आपकी कोई दोस्त आपका फ्लाइट टिकट करवाती है। बाद में आप ऑनलाइन उसे पैसे लौटाते हैं, तो क्या आप उसके साथ नाजायज संबंध रखते हैं।

सवाल: हिना (रिंकी) और रोहित निगम कौन हैं। क्या अतुल ने आपको कभी उसके बारे में बताया?

जवाब: भाई अपनी पर्सनल बातें ज्यादा शेयर नहीं करते थे। मैं इतना जानता हूं कि जिस हिना (रिंकी) की बात हो रही है, वो मेरे भैया के दोस्त की पत्नी है। अगर भाई ने उसे निकिता से मिलवाया भी, तो क्या वो उसकी गर्लफ्रेंड हो जाएगी।

सवाल: अब आपका परिवार क्या चाहता है?

जवाब: अभी परिवार भैया के बेटे को लेकर परेशान है। हम जानना चाहते हैं कि वो इस वक्त किसके पास है। अगर उसकी देखभाल के लिए कोई नहीं है, तो दादी-बाबा का उसे अपने पास रखने का पूरा हक है। हम उसकी परमानेंट कस्टडी के लिए हाईकोर्ट जाएंगे।

निकिता के झूठे मुदकमों ने अतुल को हैरेस किया’

अतुल सुभाष का केस लड़ रहे जौनपुर के सीनियर एडवोकेट दिनेश मिश्रा कहते हैं, ‘अतुल बहुत ही नेकदिल लड़का था। उसकी जब भी तारीख पड़ती, वो बेंगलुरु से जौनपुर आता था। निकिता ने उस पर गलत तरीके से हत्या, दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और तलाक जैसे केस किए थे। इससे अतुल परेशान था।‘

अतुल को सबसे ज्यादा दुख अपने बच्चे से बिछड़ने का था। निकिता जब भी कोर्ट में बेटे को लेकर आती, तो अतुल उसकी एक झलक पाने के लिए तड़पता था। अतुल ने कई बार कोर्ट से बेटे को मिलवाने के लिए गुजारिश भी की। यहां तक कि उसने निकिता से भी कहा कि वो कोई टाइम फिक्स कर दे, जिस समय वो बेटे से वीडियो कॉल पर बात कर सके। निकिता ने कभी भी बेटे को उससे नहीं मिलने दिया।‘

बेंगलुरु ACP बोलीं- निकिता 14 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में, इन्वेस्टिगेशन जारी

अतुल सुभाष की मौत के बाद बेंगलुरु की मराठाहल्ली पुलिस इस केस की इन्वेस्टिगेशन कर रही है। पुलिस ने अतुल के घर से एक सुसाइड नोट, लैपटॉप, मोबाइल फोन और दूसरे दस्तावेज जब्त किए हैं। कोर्ट की इजाजत पर अतुल के मकान से मिले सबूतों की बारीकी से जांच की जा रही है।

जांच में पाया गया कि अतुल ने पहले ही सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के पासवर्ड लिख दिए थे, जिससे पुलिस को एविडेंस जुटाने में आसानी हुई है।

दैनिक भास्कर ने मराठाहल्ली थाने में ACP प्रियदर्शनी से बात की। उन्होंने बताया, ‘निकिता सहित उनके परिवार के 3 लोगों पर अतुल की फैमिली ने FIR दर्ज करवाई थी। निकिता से पूछताछ की गई है। फिलहाल, इन्वेस्टिगेशन जारी है।‘

निकिता बनाम अतुल केस में अब 12 और 29 जनवरी को सुनवाई

निकिता ने तलाक का मुकदमा पहले ही वापस ले लिया था, जिस पर कोर्ट अतुल को जमानत दे चुकी थी। अतुल पर धारा 302 (हत्या) और धारा 377 (अननेचुरल सेक्स) जैसे गंभीर केस दर्ज थे। इन्हें दूसरी एप्लिकेशन देकर निकिता वापस ले चुकी थी। फिलहाल, घरेलू हिंसा-दहेज उत्पीड़न और बच्चे की परवरिश वाले केस में दोनों की पेशी हो रही थीं, लेकिन 9 दिसंबर को अतुल ने आत्महत्या कर ली।

निकिता के खिलाफ बेंगलुरु में 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) का मामला दर्ज हुआ है। अब उसकी सुनवाई में भी निकिता को जाना पड़ेगा। यह मामला उनके खिलाफ नया जुड़ा है। बाकी जौनपुर में उन्हें अपने मुकदमों के लिए पहले की तरह हर पेशी पर आना होगा।

12 जनवरी 2025 को अतुल और निकिता के बेटे से जुड़े एक मुकदमे में सुनवाई है। वहीं, दहेज उत्पीड़न और हिंसा वाले दूसरे केस की अगली तारीख 29 जनवरी, 2025 है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *