
क्रिकेटर क्रुणाल पंड्या (Krunal Pandya)को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से अवैध सोना लाने के आरोप में एयरपोर्ट रोका गया है. समाचार एजेंसी एएनआई ने यह खबर दी है. डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि क्रुणाल को मुंबई एयरपोर्ट पर रोका गया है. उन पर बिना जानकारी दिए तय सीमा से ज्यादा सोना मिलने का शक है. साथ ही कुछ और कीमती सामान भी मिला है. फिलहाल कस्टम अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं. उनसे सोने और बाकी कीमती सामान के कागज मांगे गए हैं. वे यूएई से आईपीएल 2020 में शामिल होकर लौट रहे थे.
पंड्या परिवार को है गोल्ड का शौक:-बता दें क्रुणाल पंड्या (Krunal Pandya) ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के बड़े भाई हैं. दोनों ही भाइयों को गोल्ड ज्वेलरी का शौक है. क्रुणाल पंड्या अपनी पत्नी पंखुड़ी के साथ दुबई गए थे. वहीं हार्दिक पंड्या दुबई से ही ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए रवाना हो गए.
क्या हैं सीमा शुल्क के नियम:-बता दें अरब देशों में सोने का दाम काफी कम होता है और अधिकतर लोग वहां सोने की खरीदारी करते हैं. बता दें विदेश से सोना भारत लाने के लिए दो नियम हैं. पुरुष यात्री 20 ग्राम वहीं महिलाएं अपने साथ 40 ग्राम सोना वापसी में ला सकती हैं. एक किलो तक सोना लाने के लिए तकरीबन 12.5 फीसदी सीमा शुल्क का भुगतान करना होता है. जबकि कम समय के लिए विदेश गए व्यक्ति को सोने पर 38 फीसदी और छह महीने बाद वापस आने पर अतिरिक्त सोने के लिए तकरीबन 14 फीसदी सीमा शुल्क देना होता है.
क्रुणाल पंड्या का आईपीएल 2020 में प्रदर्शन:-क्रुणाल पंड्या (Krunal Pandya) के लिए आईपीएल 2020 का सीजन कुछ खास नहीं रहा. उन्होंने 12 पारियों में महज 18.16 के औसत से 109 रन बनाए. वहीं बतौर गेंदबाज पंड्या को 16 मैचों में सिर्फ 6 विकेट मिले. बता दें क्रुणाल पंड्या भारत के लिए 18 टी20 मैच भी खेल चुके हैं. उनके नाम 14 विकेट और 121 रन हैं. हालांकि ऑस्ट्रेलिया टी20 सीरीज के लिए उन्हें टीम में मौका नहीं मिला.