कुलदीप यादव ने 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका सिंह के साथ शादी के बंधन में बंधकर नई जिंदगी की शुरुआत की। मसूरी स्थित आईटीसी सेवॉय होटल में आयोजित शाही समारोह में दोनों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी की रस्में पूरी कीं।
कुलदीप यादव और वंशिका सिंह ने सात फेरे लिए।
शाम को सबसे पहले जयमाला की रस्म हुई। मंच पर पहुंचकर कुलदीप यादव और वंशिका सिंह ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। जयमाला के बाद रात में मंडप में सात फेरों की रस्म पूरी की गई, जिसके साथ ही दोनों वैवाहिक बंधन में बंध गए।
इससे पहले कुलदीप यादव गोल्डन शेरवानी पहनकर घोड़े पर सवार होकर बारात के साथ दुल्हन लेने निकले। बारात में मौजूद क्रिकेटर्स ने पिंक और सफेद रंग के साफे बांधे। ढोल-नगाड़ों की धुन पर मेहमानों और खिलाड़ियों ने जमकर डांस किया। बैंड-बाजे के लिए दिल्ली से छह सदस्यों की ढोल बजाने वाली टीम पहले ही मसूरी पहुंच चुकी थी।
होटल में मंडप कोलकाता से मंगाए गए स्पेशल फूलों से सजाया गया था, जहां मुख्य विवाह समारोह हुआ। शादी से पहले कुलदीप यादव ने वीडियो कॉल के माध्यम से जगद्गुरु रामभद्राचार्य से आशीर्वाद भी लिया।समारोह में शामिल होने के लिए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री भी करीब ₹1.50 करोड़ की कार से होटल पहुंचे। इससे पहले शुक्रवार रात आयोजित संगीत और कॉकटेल समारोह में क्रिकेटर सुरेश रैना, रिंकू सिंह और युजवेंद्र चहल ने दूल्हे के साथ जमकर डांस किया।
समारोह में दिल्ली से आए सूफी सिंगर और लाइव परफॉर्मर बिस्मिल ने भी प्रस्तुति दी। शनिवार सुबह मोहम्मद कैफ भी मसूरी पहुंचे थे। मेहमानों को नाश्ते में कानपुर की स्पेशल खस्ता कचौड़ी और दाल के बड़े परोसे गए।अब शादी की सभी रस्में पूरी हो चुकी हैं और देर रात तक जश्न का माहौल रहा। सुबह तक ज्यादातर मेहमान मसूरी से वापस लौट जाएंगे।
शादी की PHOTOS…

रिंकू सिंह और युजवेंद्र चहल के साथ कुलदीप यादव ने जमकर डांस किया।

कुलदीप यादव और वंशिका सिंह ने शाही अंदाज में एक-दूसरे को वरमाला पहनाई।

शेरवानी, भारी ज्वेलरी और सिर पर साफा पहने नजर आए कुलदीप यादव।

बारात में क्रिकेटर्स ने पिंक और सफेद रंग के साफे बांधे।

चहल ने लगाई हल्दी, ढोल की थाप पर किया डांस
शुक्रवार सुबह 11 बजे से हल्दी की रस्म शुरू हुई, जो दोपहर करीब 2 बजे तक चली। इस दौरान होटल परिसर में जश्न का माहौल बना रहा। हल्दी समारोह में युजवेंद्र चहल सबसे ज्यादा चर्चित रहे।चहल कभी कुलदीप यादव के चेहरे पर हल्दी लगाते दिखे तो कभी ढोल की थाप पर जमकर डांस करते नजर आए। हल्दी की रस्म के बाद कुलदीप यादव और वंशिका सिंह ने भी मेहमानों के साथ डांस किया

हल्दी के बाद मेहमानों के लिए शाही दावत
हल्दी समारोह के बाद मेहमानों के लिए होटल में खास लंच का इंतजाम किया गया था। बताया जा रहा है कि इस दावत में एक थाली की कीमत 20 हजार रुपए से ज्यादा थी।शादी के लिए प्लैटिनम और गोल्ड मेन्यू तैयार किए गए हैं, जिनमें वेज और नॉनवेज दोनों तरह के व्यंजन शामिल हैं। मेहमानों के लिए अलग-अलग तरह के प्रीमियम सलाद, सूप, स्नैक्स और मुख्य व्यंजन परोसे जा रहे हैं।बार मेन्यू में भी देश-विदेश के महंगे ब्रांड शामिल किए गए हैं। इसमें 40 हजार रुपए की डॉम पेरिग्नॉन शैम्पेन, 35 हजार रुपए तक की सिंगल माल्ट स्कॉच और कई प्रीमियम वाइन शामिल थे।